National

Bihar BJP Leaders:BJP में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: मंगल पांडेय को मिला असम का प्रभार, देवेश कुमार अरुणाचल भेजे गए; बिहार के इन 6 नेताओं का बढ़ा कद

Bihar BJP Leaders:भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए पार्टी के अहम पदों पर नई नियुक्तियां की हैं। इस फेरबदल में बिहार के नेताओं का दबदबा साफ देखने को मिला है, जहां राज्य के 6 प्रमुख नेताओं को अलग-अलग राज्यों में प्रभारी और सह-प्रभारी जैसी बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें पूर्व मंत्री मंगल पांडेय से लेकर विधान परिषद सदस्य देवेश कुमार और निवेदिता सिंह के नाम प्रमुख हैं।

आइए जानते हैं कि बिहार के किन-किन नेताओं का पार्टी संगठन में कद बढ़ाया गया है:

मंगल पांडेय: बंगाल से अब असम की कमान(Bihar BJP Leaders)

बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सीवान के रहने वाले मंगल पांडेय को पार्टी ने अब असम का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। छात्र जीवन से ही संगठन से जुड़े रहे मंगल पांडेय इससे पहले लगभग 4 साल तक पश्चिम बंगाल के प्रभारी रहे थे। उनके कार्यकाल में ही बीजेपी ने बंगाल में शानदार प्रदर्शन किया था। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए (NDA) सरकार में वे बिहार के स्वास्थ्य और कानून मंत्री जैसी अहम जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं, हालांकि मौजूदा कैबिनेट में उन्हें जगह नहीं मिली थी।

देवेश कुमार: मिजोरम से हटाकर अरुणाचल का जिम्मा

भाजपा ने देवेश कुमार को मिजोरम के प्रभार से मुक्त करते हुए अब अरुणाचल प्रदेश का नया प्रभारी बनाकर भेजा है। समस्तीपुर जिले के रहने वाले देवेश कुमार हाल ही में काफी चर्चा में रहे थे, जब उन्होंने रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के मंत्री बेटे दीपक प्रकाश के लिए अपनी एमएलसी (MLC) सीट का त्याग कर दिया था। इसके एवज में राज्य सरकार ने उन्हें बिहार राज्य योजना पर्षद का उपाध्यक्ष नियुक्त करते हुए कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान किया है।

एमएलसी निवेदिता सिंह: झारखंड की सह-प्रभारी

बिहार विधान परिषद की सदस्य निवेदिता सिंह को चुनावी राज्य झारखंड का सह-प्रभारी बनाया गया है। मूल रूप से पटना की रहने वाली और रोहतास-कैमूर क्षेत्र में सक्रिय निवेदिता सिंह को साल 2021 में राज्यपाल कोटे से एमएलसी मनोनीत किया गया था। वह भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। (उनकी सास प्रभावती सिंह कैमूर जिले के रामगढ़ से विधायक रह चुकी हैं)।

राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा: पश्चिम बंगाल के सह-प्रभारी

पश्चिम बंगाल में संगठन को और मजबूत करने के लिए पार्टी ने बिहार के दो चेहरों को जिम्मेदारी दी है:

  • राजेंद्र सिंह: रोहतास जिले की दिनारा सीट से 2 बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके राजेंद्र सिंह को बंगाल का सह-प्रभारी बनाया गया है। वे बिहार भाजपा के प्रदेश महामंत्री और झारखंड में संगठन महामंत्री भी रह चुके हैं।
  • पिंकी कुशवाहा: मूल रूप से लखीसराय जिले की रहने वाली और बिहार राज्य महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा को भी पश्चिम बंगाल में पार्टी का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। पिंकी पूर्व में भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष भी रही हैं।

सिद्धार्थ शंभू: छत्तीसगढ़ में नई जिम्मेदारी

बिहार के एक और दिग्गज नेता सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ राज्य का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। मोतिहारी जिले से आने वाले सिद्धार्थ वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव हैं। उन्हें संगठन में काम करने का लंबा और गहरा अनुभव है। वे इससे पहले भाजयुमो (BJYM) में राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य रहने के साथ-साथ बिहार प्रदेश संगठन में उपाध्यक्ष और प्रदेश मंत्री जैसे अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

Related Articles

Back to top button