IND vs NZ ODI Series:भारत के खिलाफ 5 वनडे के लिए न्यूजीलैंड की 21 सदस्यीय टीम का ऐलान, रचिन रवींद्र की वापसी; रणजी का 92वां सीजन भी शुरू

IND vs NZ ODI SeriesL:न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ अगले महीने होने वाली 5 मैचों की वनडे सीरीज के लिए अपनी 21 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। चोट के कारण टी-20 सीरीज से बाहर रहने वाले स्टार ऑलराउंडर रचिन रवींद्र और बल्लेबाज मार्क चापमैन की वनडे टीम में वापसी हुई है।
वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत 3 हिस्सों में बंटी टीम(IND vs NZ ODI Series)
न्यूजीलैंड के हेड कोच रोब वाल्टर ने खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए 21 सदस्यीय टीम को 3 अलग-अलग समूहों में बांटा है, क्योंकि भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद न्यूजीलैंड को 2 टेस्ट मैच भी खेलने हैं:
- कप्तान मिचेल सैंटनर समेत 6 खिलाड़ी पूरी वनडे सीरीज का हिस्सा रहेंगे।
- 8 खिलाड़ी शुरुआती 3 वनडे खेलने के बाद टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए स्वदेश लौट जाएंगे।
- आखिरी 2 वनडे मैचों के लिए 7 नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया जाएगा।
चोट से उबरकर लौटे रचिन रवींद्र और चापमैन
रचिन रवींद्र अक्टूबर में एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान कैच लेने के लिए डाइव लगाते समय अपना कंधा खिसका बैठे थे। इस कारण वह भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं थे। वहीं, मार्क चापमैन भी हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते टी-20 टीम में जगह नहीं बना सके थे। अब यह दोनों खिलाड़ी पूरी तरह फिट होकर वनडे सीरीज से वापसी कर रहे हैं।
आखिरी 2 वनडे में एलेन, फर्ग्यूसन और सीफर्ट को मौका
फिन एलेन, लॉकी फर्ग्यूसन और टिम सीफर्ट को आखिरी 2 वनडे के लिए टीम में शामिल किया गया है। यह तीनों खिलाड़ी पिछले 18 महीनों से न्यूजीलैंड की वनडे टीम का हिस्सा नहीं थे, क्योंकि इस दौरान उन्होंने प्रोफेशनल टी-20 लीग में खेलने को प्राथमिकता दी थी।
कोच रोब वाल्टर ने बताया कि 21 खिलाड़ियों को मौका मिलना न्यूजीलैंड की मजबूत बेंच स्ट्रेंथ को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि फिन एलेन और टिम सीफर्ट ने टी-20 फॉर्मेट में अपनी क्षमता साबित की है और अब उनके पास 50 ओवर के फॉर्मेट में अपनी जगह पक्की करने का शानदार मौका है। वाल्टर के मुताबिक, यह सीरीज अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की टीम में जगह बनाने के लिहाज से बेहद अहम होगी।
दुनिया का सबसे बड़ा घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी आज से शुरू
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा घरेलू क्रिकेट के मोर्चे पर दुनिया का सबसे बड़ा रेड-बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी भी आज से शुरू हो रहा है। 1934-35 में शुरू हुई इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप का यह 92वां सीजन है। इस बार कुल 38 टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी और पूरे टूर्नामेंट के दौरान 138 मैच खेले जाएंगे। रणजी ट्रॉफी के इतिहास में मुंबई की टीम का दबदबा रहा है, जिसने सबसे ज्यादा 42 बार यह खिताब अपने नाम किया है।






