PM e Bus Sewa:छत्तीसगढ़ के 4 बड़े शहरों को 240 ई-बसों की सौगात, हाईटेक फीचर्स से लैस होंगी बसें, जानें क्या है सरकार का प्लान

PM e Bus Sewa: छत्तीसगढ़ के 4 बड़े शहरों में जल्द ही प्रदूषण मुक्त और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ई-बसें दौड़ती नजर आएंगी। राज्य सरकार ने नागरिक परिवहन सेवा को पर्यावरण के अनुकूल और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत 240 इलेक्ट्रिक बसें चलाने का फैसला किया है।
इन ई-बसों के संचालन का रास्ता साफ हो गया है। रविवार दोपहर 3 बजे नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री और डिप्टी सीएम अरुण साव की मौजूदगी में चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड कंपनी के साथ कंसेशन एग्रीमेंट किया जाएगा। इस अहम कार्यक्रम में 8 नगरीय निकायों के महापौर और आयुक्त भी शामिल होंगे।
किस शहर को मिलेंगी कितनी ई-बसें?(PM e Bus Sewa)
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा के अनुसार, चरण 1 में प्रदेश के 4 नगर निगमों को इन 240 बसों का आवंटन किया गया है। इसका वितरण कुछ इस प्रकार होगा:
- रायपुर: 100 बसें
- भिलाई: 50 बसें
- कोरबा: 50 बसें
- बिलासपुर: 40 बसें
बसों के संचालन को लेकर विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। योजना के मुताबिक, 1 नवंबर 2026 तक बिलासपुर और भिलाई में 20-20 ई-बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
ई-बसों की हाईटेक खूबियां और यात्रियों के लिए सुविधाएं
ये सभी ई-बसें यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से डिजाइन की गई हैं। इन बसों में निम्नलिखित हाईटेक सुविधाएं मिलेंगी:
- सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: यात्रियों की सुरक्षा और निगरानी के लिए हर बस में 6 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
- डिजिटल टिकटिंग: यात्री स्कैनर के जरिए क्यूआर कोड स्कैन करके अपना टिकट ले सकेंगे और किराये का भुगतान कर सकेंगे। इसके अलावा ऑनलाइन टिकट बुक करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
- रूट की लाइव ट्रैकिंग: यात्रियों की सहूलियत के लिए 1 मोबाइल एप तैयार किया गया है, जिसकी मदद से लोग घर बैठे बसों के रूट और लोकेशन की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
- प्रदूषण मुक्त सफर: ये बसें पूरी तरह से इलेक्ट्रिक होंगी, जिससे शहरों में प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी और पर्यावरण सुरक्षित रहेगा।






