Sports

Sports League Committee: खेल मंत्रालय की 14 सदस्यीय समिति

नई दिल्ली: Sports League Committee के गठन के साथ खेल मंत्रालय ने देश में खेल लीग को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने बुधवार को भारत में पेशेवर तरीके से चलने वाले और आर्थिक रूप से टिकाऊ खेल लीग इकोसिस्टम तैयार करने के लिए 14 सदस्यीय समिति का गठन किया है।

समिति में कौन-कौन

इस समिति में BCCI के CEO और IPL के COO हेमांग अमीन और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के CEO रघुराम अय्यर शामिल हैं। खेल मंत्रालय के संयुक्त सचिव (शासन) कुणाल और संयुक्त सचिव (खेलो इंडिया) विनील कृष्णा भी इसके सदस्य हैं। इसके अलावा जियोस्टार, सोनी नेटवर्क, दूरदर्शन और ज़ी नेटवर्क जैसे बड़े प्रसारकों के प्रतिनिधि भी समिति में रखे गए हैं।

Sports League Committee: क्या करेगी समिति

समिति मौजूदा लीग इकोसिस्टम के सामने आने वाली बाधाओं का आकलन करेगी और प्राथमिकता वाले खेलों की पहचान करेगी। यह कॉरपोरेट पूंजी, फ्रेंचाइजी मालिकाना हक, प्रायोजन, प्रसारण और डिजिटल अधिकार तथा CSR फंडिंग आकर्षित करने के उपाय भी सुझाएगी।

कई खेलों को नहीं मिल पाती पहचान

मंत्रालय ने बयान में कहा कि देश में कई खेल लीग ने अलग-अलग स्तर की सफलता पाई है। लेकिन कई ऐसे खेल हैं जिनमें खेल और सामाजिक क्षमता होने के बावजूद शुरुआती दौर में व्यावसायिक दिक्कतें आती हैं। समिति इन्हीं मुद्दों की पहचान करेगी।

ओलंपिक और महिला खेलों पर फोकस

समिति प्राथमिकता वाले खेलों, खासकर ओलंपिक खेल, महिला खेल, युवा खेल, स्वदेशी खेल और उभरते खेलों की पहचान करेगी। इनकी खेल और व्यावसायिक क्षमता के हिसाब से सही संचालन मॉडल की सिफारिश की जाएगी।

खेल योजनाओं की आधिकारिक जानकारी खेल मंत्रालय की वेबसाइट पर मिलती है। खेल की खबरें और IPL की खबरें जनदखल पर पढ़ें।

Related Articles

Back to top button