Raipur Nagar Nigam: गंदगी पर 2 अफसरों को कारण बताओ नोटिस

CG News (रायपुर): Raipur Nagar Nigam के दो बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। राजधानी में जगह-जगह फैली गंदगी को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने नगर निगम के उपायुक्त (सफाई प्रभारी) जसदेव बाबरा और जोन क्रमांक 4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी को कारण बताओ नोटिस जारी कर 3 दिन में जवाब मांगा है।
निर्देशों की अनदेखी का आरोप
नोटिस में कहा गया है कि हर समीक्षा बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था पर खास ध्यान देने के निर्देश दिए जाते रहे हैं। लेकिन दोनों अधिकारियों ने इन निर्देशों की अनदेखी की और अपनी कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं किया। विभाग ने शहर में फैली गंदगी के लिए दोनों को प्रथम दृष्टया जिम्मेदार माना है।
Raipur Nagar Nigam: अखबारों में छपी गंदगी की खबरें
विभाग ने नोटिस में यह भी कहा है कि आए दिन अखबारों में शहर में गंदगी फैले होने की खबरें छपती हैं। इससे नगर निगम और सरकार की छवि खराब होती है और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठते हैं।
जवाब नहीं दिया तो एकतरफा कार्रवाई
यह नोटिस छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 और छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम सेवा नियम 2018 के तहत जारी किया गया है। दोनों अधिकारियों को निगम आयुक्त के माध्यम से 3 दिन में जवाब देना है। तय समय में जवाब नहीं मिला तो माना जाएगा कि उन्हें अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है और नियम के मुताबिक एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।
निगम आयुक्त करेंगे परीक्षण
विभाग ने रायपुर नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिया है कि वे दोनों अधिकारियों के जवाब का परीक्षण करें और अपनी राय के साथ संचालनालय को भेजें।
शहरी स्वच्छता की जानकारी स्वच्छ भारत मिशन शहरी की वेबसाइट पर मिलती है। रायपुर की खबरें और नगर निगम की खबरें जनदखल पर पढ़ें।






