ExclusiveNational

India Japan 2+2 Dialogue: टोक्यो पहुंचे राजनाथ और जयशंकर

नई दिल्ली: India Japan 2+2 Dialogue के चौथे संस्करण के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर बुधवार को जापान की राजधानी तोक्यो पहुंच गए हैं। दोनों मंत्री अपने जापानी समकक्ष रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ इस वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे। जापान में भारत की राजदूत नगमा मलिक ने दोनों का स्वागत किया।

क्वाड सम्मेलन के अगले दिन यात्रा

यह दो दिन की यात्रा फिलीपींस की राजधानी मनीला में हुए क्वाड शिखर सम्मेलन के एक दिन बाद हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मनीला में अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के नेताओं के साथ क्वाड सम्मेलन में हिस्सा लिया था। भारत-जापान 2+2 वार्ता का पिछला दौर 20 अगस्त 2024 को नई दिल्ली में हुआ था।

India Japan 2+2 Dialogue: किन मुद्दों पर बात

विदेश मंत्रालय के मुताबिक दोनों देश रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। वार्ता में रक्षा उपकरण और तकनीक, समुद्री सुरक्षा, तीनों सेनाओं के संयुक्त अभ्यास और रक्षा औद्योगिक साझेदारी पर चर्चा की उम्मीद है। दोनों देश स्वतंत्र, खुले और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराएंगे।

योकोसुका नौसैनिक अड्डे का दौरा

राजनाथ सिंह जापानी रक्षा मंत्री कोइजुमी के साथ अलग से द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। इस साल दोनों की यह तीसरी मुलाकात होगी। राजनाथ सिंह ने बताया कि वे जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स के योकोसुका स्थित नौसैनिक अड्डे जा रहे हैं। कोइजुमी ने उन्हें मोगामी श्रेणी के युद्धपोत का दौरा कराने की पेशकश की है। वहीं जयशंकर 19वीं भारत-जापान विदेश मंत्रियों की रणनीतिक वार्ता और रायसीना तोक्यो के तीसरे संस्करण में हिस्सा लेंगे।

जामनगर में क्वाड अभ्यास

भारत 17 से 19 नवंबर तक जामनगर वायुसेना स्टेशन में मानवीय सहायता और आपदा राहत अभ्यास ‘सहायता सेतु’ की मेजबानी भी कर रहा है, जिसमें क्वाड के चारों देश हिस्सा ले रहे हैं।

विदेश नीति की आधिकारिक जानकारी विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर मिलती है। रक्षा की खबरें और विदेश नीति की खबरें जनदखल पर पढ़ें।

Related Articles

Back to top button