Manipur Violence: विष्णुपुर में 2 बच्चों की मौत के बाद भड़की हिंसा, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, 5 जिलों में कर्फ्यू

Manipur Violence:पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर एक बार फिर से हिंसा की आग में जल रहा है। राज्य में शांति बहाली की तमाम कोशिशों के बीच एक बेहद दर्दनाक और हिंसक घटना ने स्थिति को फिर से बेकाबू कर दिया है। विष्णुपुर जिले में एक घर पर हुए संदिग्ध रॉकेट हमले में 2 मासूम बच्चों की मौत के बाद पूरे इलाके में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इस घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतरकर हिंसक प्रदर्शन किया है, जिसके बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले और रबर बुलेट का इस्तेमाल करना पड़ा।
रॉकेट हमले में 2 मासूम बच्चों की गई जान
घटना विष्णुपुर जिले के मोइरांग स्थित ट्रोंगलाओबी अवांग लेइकाई गांव की है।
- रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार रात संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने गांव के एक घर को निशाना बनाते हुए रॉकेट दागा।
- इस भयावह हमले में 5 साल के एक छोटे लड़के और महज 6 महीने की एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
- इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से ही पूरे गांव और आसपास के इलाकों में शोक और भयंकर गुस्से की लहर दौड़ गई।
प्रदर्शनकारियों का उग्र रूप और पुलिस की कार्रवाई
बच्चों की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोग न्याय की मांग करते हुए सड़कों पर उतर आए।
- गुस्साए लोगों की भीड़ ने उग्र रूप धारण कर लिया और एक पेट्रोल पंप के पास खड़े 2 तेल टैंकरों और एक ट्रक को आग के हवाले कर दिया।
- प्रदर्शनकारियों ने थाने पर पथराव किया और एक अस्थायी पुलिस चौकी को भी भारी नुकसान पहुंचाया।
- हालात को बेकाबू होता देख सुरक्षा बलों और पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी पड़ी। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने कई राउंड आंसू गैस के गोले दागे और रबर बम का इस्तेमाल किया।
- इन हिंसक झड़पों में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पतालों में जारी है। हजारों लोग रात के अंधेरे में मशालें लेकर न्याय की गुहार लगाते हुए रैलियां निकाल रहे हैं।
5 जिलों में इंटरनेट बंद, कर्फ्यू लागू
इस ताजा हिंसा और तनाव को राज्य के अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए मणिपुर सरकार और प्रशासन ने तुरंत कड़े कदम उठाए हैं।
- प्रशासन ने अफवाहों और गलत सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए 5 संवेदनशील जिलों में 3 दिनों के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवा को पूरी तरह से ठप कर दिया है।
- गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह इंटरनेट बैन इम्फाल पूर्व, इम्फाल पश्चिम, थौबल, काकचिंग और विष्णुपुर जिलों पर लागू किया गया है।
- इसके साथ ही विष्णुपुर और इम्फाल के कई इलाकों में सख्त कर्फ्यू लगा दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी नई अप्रिय घटना को रोका जा सके।
प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने और कानून को अपने हाथ में न लेने की अपील कर रहा है, लेकिन जमीन पर हालात अभी भी बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।



