Mahasamund Police Action: 10.46 करोड़ का गांजा नष्ट, 2 दिनों में 19 क्विंटल से अधिक ड्रग्स खाक

महासमुंद पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में(Mahasamund Police Action) एक बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने लगातार दो दिनों तक चली कार्रवाई में 19 क्विंटल 93 किलो 10 ग्राम अवैध गांजा नष्ट किया है। नष्ट किए गए इस मादक पदार्थ की कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग 10 करोड़ 46 लाख 78 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
यह पूरी कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की कड़ी निगरानी और शासन के सख्त दिशा-निर्देशों के तहत पूरी की गई।
बेलसोंडा के बालाजी प्लांट में हुआ नष्टीकरण
मंगलवार को एनडीपीएस (NDPS Act) के तहत दर्ज 33 प्रकरणों में जब्त किए गए 9 क्विंटल 95 किलो 30 ग्राम गांजे को नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार, सिर्फ इस खेप की अनुमानित कीमत लगभग 5 करोड़ 34 लाख 73 हजार रुपये है। गांजा नष्टीकरण की यह महत्वपूर्ण प्रक्रिया बेलसोंडा स्थित बालाजी प्लांट (Balaji Plant) की इंडस्ट्रियल भट्टी में पूरी की गई।
उच्च स्तरीय कमेटी की निगरानी में भौतिक सत्यापन
मादक पदार्थों को नष्ट करने से पहले पूरी पारदर्शिता बरती गई। जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर जब्त गांजे का भौतिक सत्यापन (Physical Verification) किया। इस दौरान उपस्थित प्रमुख अधिकारी:
- प्रभात कुमार – पुलिस अधीक्षक (SP) एवं कमेटी अध्यक्ष
- जिला आबकारी अधिकारी – (कमेटी सदस्य)
- प्रतिभा पाण्डेय – अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl SP)
- एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के नोडल अधिकारी और रक्षित निरीक्षक
सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, नियमानुसार पूरे गांजे को सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से नष्ट कर दिया गया।
किन थानों के कितने एनडीपीएस (NDPS) प्रकरण शामिल?
मंगलवार को नष्ट किए गए गांजे में महासमुंद जिले के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 33 एनडीपीएस (NDPS) प्रकरण शामिल थे। इनमें वर्ष 2025 के 7 और वर्ष 2026 के 26 मामले सम्मिलित हैं। थानों के अनुसार प्रकरणों की संख्या इस प्रकार है:
- सिंघोड़ा: 17 प्रकरण
- सांकरा: 3 प्रकरण
- बलौदा: 3 प्रकरण
- बागबाहरा: 3 प्रकरण
- पटेवा: 2 प्रकरण
- कोमाखान: 2 प्रकरण
- तुमगांव: 2 प्रकरण
- बसना: 1 प्रकरण
लगातार दूसरे दिन पुलिस की बड़ी कार्रवाई
महासमुंद पुलिस (Mahasamund Police) ने ड्रग्स डिस्पोजल की यह कार्रवाई लगातार दूसरे दिन की है। इससे पहले 29 जून 2026 को भी पुलिस ने 7 बड़े प्रकरणों में जब्त किए गए 9 क्विंटल 98 किलो से अधिक गांजे को नष्ट किया था। उस दिन नष्ट किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ 12 लाख 5 हजार 500 रुपये थी। लगातार हो रही इस कार्रवाई से ड्रग्स तस्करों और अवैध मादक पदार्थों के कारोबारियों में भारी हड़कंप मच गया है।






