Chhattisgarh NewsTech&Business

गीत-संगीत, भजन और खुशियों के बीच मना REMA का दीपावली मिलन, परिवारों के साथ पहुंचे 1000 से ज्यादा लोग

रायपुर। दीपावली की खुशियों को साझा करने और आपसी मेल-मिलाप को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रायपुर इलेक्ट्रिकल मर्चन्ट एसोसिएशन (REMA) ने भव्य दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया। रविवार, 22 नवंबर को वीआईपी रोड स्थित शगुन फार्म में हुए इस आयोजन में व्यापारियों ने अपने परिवारों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।

संगीत और मनोरंजन ने बांधा समां

समारोह में तत्त्वा द्वारा भजन जैमिंग और गीत-संगीत की प्रस्तुतियां दी गईं। स्वादिष्ट भोजन के साथ विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। सदस्यों और उनके परिजनों ने पूरे जोश के साथ कार्यक्रमों में भाग लिया और आयोजन की सराहना की।

1000 से अधिक लोगों की मौजूदगी, 400 से ज्यादा व्यापारी सदस्य

REMA के अध्यक्ष अजंत अग्रवाल, उपाध्यक्ष महेश नथानी, सचिव मितेश वाढेर और कोषाध्यक्ष योगेश त्रिवेदी ने बताया कि संगठन में 400 से अधिक व्यवसायी सदस्य हैं।

इस वर्ष आयोजित दीपावली मिलन समारोह में सदस्यों और उनके परिवारों को मिलाकर 1000 से अधिक लोग शामिल हुए। पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों और व्यापारियों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की।

व्यापारियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल

REMA का उद्देश्य व्यापारियों को सरल और भयमुक्त वातावरण में कारोबार करने में मदद करना है। संगठन व्यापार को अधिक लाभप्रद बनाने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रहा है।

इसी उद्देश्य से एक सर्वसुविधायुक्त एकीकृत होलसेल मार्केट बनाने का प्रस्ताव रखा गया है।

व्यापार जगत की जानी-मानी हस्तियों ने की शिरकत

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थोरानी और कैट छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष परमानन्द जैन अपनी टीम के साथ पहुंचे।

समारोह में लॉन्च हुआ पॉलीकब का नया ग्रीन वायर

कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक पॉलीकब इलेक्ट्रिकल एंड केबल का सहयोग लगातार दूसरे वर्ष भी मिला। इस मौके पर पॉलीकब इंडिया लिमिटेड के जनरल मैनेजर अरुण ठाकुर और मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के ब्रांच हेड अभय जैन उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान कंपनी के नए उत्पाद ग्रीन वायर का लॉन्च किया गया।

कार्यकारिणी सदस्यों के योगदान से सफल हुआ आयोजन

आयोजन की व्यवस्थाओं और सफल संचालन में राजा मेहता, विजेश जैन, प्रदीप माहेश्वरी, मुकेश अग्रवाल, विनोद लालवानी और विकी नथानी का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button