SportsExclusiveOther

CG Girls Team India: महक नरवासे और पलक सिंह अंडर-19 टीम में

रायपुर/जनदखल। CG Girls Team India की यह खबर पूरे प्रदेश के लिए गर्व की है। छत्तीसगढ़ की दो होनहार बेटियों महक नरवासे और पलक सिंह का चयन भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी इंग्लैंड अंडर-19 महिला टीम के खिलाफ होने वाली 5 मैचों की टी-20 सीरीज में भारत की ओर से खेलेंगी।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी बधाई

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की दो बेटियों का भारतीय टीम में चयन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। यह दोनों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास का नतीजा है। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों और परिवारों को भी बधाई दी।

CG Girls Team India: कौन हैं महक नरवासे

महक नरवासे गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं और भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान भी रह चुकी हैं। सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने 212 रन बनाए और 20 विकेट लिए। महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी में 4 मैचों में 67 रन और 8 विकेट, अंडर-23 टी-20 ट्रॉफी में 53 रन और 7 विकेट, और अंडर-19 टी-20 ट्रॉफी में 4 मैचों में 5 विकेट उनके नाम रहे।

106 KM की रफ्तार वाली पलक सिंह

पलक सिंह छत्तीसगढ़ की उभरती मध्यम तेज गेंदबाज हैं। पिछले साल वुमेंस प्रीमियर लीग की स्पीड क्वीन प्रतियोगिता में उन्होंने 106 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर स्वर्ण पदक जीता था। पिछले साल घरेलू क्रिकेट में उन्होंने 8 मैचों में 5 विकेट लिए थे।

बेटियों के लिए प्रेरणा

मंत्री चौधरी ने कहा कि यह सफलता उन बेटियों को बड़े सपने देखने की प्रेरणा देगी, जो खेल में अपना भविष्य बनाना चाहती हैं। उन्हें भरोसा है कि दोनों खिलाड़ी इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

भारतीय क्रिकेट की आधिकारिक जानकारी BCCI की वेबसाइट पर मिलती है। छत्तीसगढ़ क्रिकेट की खबरें और खेल की खबरें जनदखल पर पढ़ें।

Related Articles

Back to top button