
नई दिल्ली: Family Pension Rules को लेकर केंद्र सरकार ने अहम निर्देश जारी किए हैं। कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग ने 29 अक्टूबर 2026 को कार्यालय ज्ञापन जारी कर बताया है कि सरकारी कर्मचारी या पेंशनभोगी की मौत के बाद परिवार के किन सदस्यों को किस क्रम में फैमिली पेंशन मिलेगी। यह व्यवस्था केंद्रीय सिविल सेवा (पेंशन) नियम 2021 के नियम 50 के तहत लागू होगी।
सबसे पहले पति या पत्नी
आदेश के मुताबिक कर्मचारी या पेंशनभोगी की मौत होने पर सबसे पहले कानूनी रूप से विवाहित पति या पत्नी को फैमिली पेंशन मिलेगी। शर्तों के साथ इसमें रिटायरमेंट के बाद शादी करने वाले पति या पत्नी भी शामिल हैं। पति या पत्नी के न रहने पर बच्चे हकदार होंगे, जिनमें गोद लिए गए बच्चे, सौतेले बच्चे और कर्मचारी के रिटायरमेंट या मौत के बाद जन्मे बच्चे भी शामिल हैं।
Family Pension Rules: बच्चों के लिए नियम
बच्चों को जन्म के क्रम में पेंशन मिलेगी। 25 साल की उम्र पूरी होने, शादी होने या कमाई शुरू होने में से जो पहले होगा, उस पर पात्रता खत्म हो जाएगी। ऐसे बच्चे न होने पर मानसिक या शारीरिक दिव्यांग बच्चों को पेंशन मिलेगी, जो कमाई शुरू होने तक जारी रहेगी और शादी से खत्म नहीं होगी। इसके बाद अविवाहित, विधवा या तलाकशुदा बेटियों को पेंशन मिल सकती है, बशर्ते वे माता-पिता पर आर्थिक रूप से निर्भर हों।
माता-पिता और भाई-बहन
पति या पत्नी और बच्चों की पात्रता खत्म होने के बाद आश्रित माता-पिता को पेंशन मिलेगी, जिसमें गोद लेने वाले माता-पिता भी शामिल हैं। सामान्य स्थिति में मां को पिता से पहले प्राथमिकता मिलेगी। आखिरी क्रम में मानसिक या शारीरिक दिव्यांग आश्रित भाई-बहन हकदार होंगे।
महिला कर्मचारी के मामले में खास प्रावधान
महिला कर्मचारी या पेंशनभोगी के वैवाहिक विवाद या न्यायिक अलगाव की स्थिति में पात्र बच्चों को पति से पहले फैमिली पेंशन देने का प्रावधान भी आदेश में बताया गया है। सरकार ने सभी मंत्रालयों को ये निर्देश संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने को कहा है।
पेंशन से जुड़ी आधिकारिक जानकारी पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग की वेबसाइट पर मिलती है। पेंशन की खबरें और सरकारी कर्मचारियों की खबरें जनदखल पर पढ़ें।






