Bilaspur Crime News:बिलासपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: 10 डिसमिल जमीन के लिए कलियुगी बेटे ने 76 वर्षीय पिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया

Bilaspur Crime News: संपत्ति और जमीन के लालच में रिश्तों के कत्ल का एक बेहद खौफनाक मामला बिलासपुर जिले से सामने आया है। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर में महज 10 डिसमिल जमीन के लिए एक बेटे ने अपने 76 वर्षीय बुजुर्ग पिता को जिंदा जलाने की कोशिश की। आरोपी बेटे ने पहले पिता पर लोहे के हथियार से जानलेवा हमला किया, और फिर शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात में बुजुर्ग 90 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
30 डिसमिल जमीन के बंटवारे को लेकर था विवाद(Bilaspur Crime News)
ग्राम सेलर निवासी पीड़ित विश्राम केंवट (76 वर्ष) के पास कुल 30 डिसमिल जमीन है। इस जमीन का 3 बराबर हिस्सों (10-10 डिसमिल) में बंटवारा होना था।
- एक हिस्सा विश्राम के पास रहना था, जबकि बाकी 2 हिस्से बेटे आशाराम और बेटी दुरपति बाई को मिलने थे।
- बड़ा बेटा आशाराम इसी बंटवारे को लेकर नाराज था और पूरी जमीन पर अपना हक जताना चाहता था।
- विश्राम के परिवार में 3 बेटे और 1 बेटी हैं। पत्नी और 1 बेटे की 12 साल पहले मौत हो चुकी है, जबकि 1 बेटा 15 साल से लापता है। उम्र अधिक होने के कारण विश्राम अपनी बेटी दुरपति और दामाद गंगा प्रसाद के साथ रहते थे।
घर में अकेला पाकर दिया खौफनाक वारदात को अंजाम
बुधवार दोपहर करीब 12.15 बजे जब विश्राम घर में अकेले थे, तब आरोपी बेटा आशाराम वहां आ धमका। दामाद काम से बाहर गया था और बेटी दुरपति कुछ देर के लिए पड़ोस में गई हुई थी।
- हमला और आगजनी: आरोपी ने इसी अकेलेपन का फायदा उठाकर पिता पर हमला किया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
- बेटी ने बुझाई आग: जब बेटी दुरपति घर पहुंची, तो उसने देखा कि पिता धू-धू कर जल रहे हैं और दर्द से तड़पते हुए इधर-उधर भाग रहे हैं। उसने तुरंत घर के भीतर से पानी लाकर आग बुझाई और ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर पिता को सिम्स (SIMS) अस्पताल पहुंचाया।
- सिम्स के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह के मुताबिक, विश्राम 90 फीसदी तक झुलस चुके हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
2 दिन पहले दी थी हत्या की धमकी, अब पुलिस कर रही तलाश
दामाद गंगा प्रसाद के मुताबिक, आरोपी आशाराम 2 दिन पहले भी अपनी पत्नी के साथ घर आया था और पिता व बहन की हत्या करने की खुली धमकी देकर गया था। जमीन विवाद इतना गहरा था कि 2 साल पहले भी विश्राम ने बेटे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
सीपत पुलिस के मुताबिक, पीड़ित विश्राम अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। बेटी दुरपति के बयान के आधार पर आरोपी आशाराम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।






