Chhattisgarh News

ED Raid in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में ED का बड़ा एक्शन, दुर्ग में बिल्डर और बिलासपुर में सर्राफा कारोबारी के ठिकानों पर छापा

छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ताबड़तोड़ कार्रवाई एक बार फिर शुरू हो गई है। गुरुवार सुबह-सुबह ईडी की अलग-अलग टीमों ने प्रदेश के दो प्रमुख जिलों, दुर्ग और बिलासपुर में दबिश दी। इस छापेमारी से प्रदेश के कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है।

दुर्ग में अमर बिल्डर के ठिकानों पर जांच जारी

दुर्ग जिले में ईडी की टीम ने अमर बिल्डर (अमर इंफ्रा) के संचालक चतुर्भुज राठी के ठिकानों पर छापा मारा है। जानकारी के अनुसार, ईडी के अधिकारी सुबह करीब 6 बजे दो गाड़ियों में महेश कॉलोनी स्थित उनके निवास पर पहुंचे और कार्यालय को घेरकर जांच शुरू की। फिलहाल टीम चतुर्भुज राठी के घर और दफ्तर में रखे अहम दस्तावेजों, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सघन जांच कर रही है।

बिलासपुर में सर्राफा कारोबारी पर ईडी का शिकंजा

दुर्ग के अलावा बिलासपुर में भी ईडी ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। यहां शहर के सदर बाजार स्थित श्री राम ज्वेलर्स के मालिक और सर्राफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर पर ईडी ने दबिश दी है। सुबह-सुबह ईडी के 10 से ज्यादा अधिकारी उनके ठिकानों पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

शराब घोटाले से जुड़े हैं तार

बिलासपुर में हुई इस छापेमारी के तार बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़े होने की बात सामने आ रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, सर्राफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के भाई विकास अग्रवाल का नाम शराब घोटाले में शामिल है। विकास अग्रवाल शराब घोटाला मामले में फिलहाल फरार चल रहा है और उसे मुख्य आरोपी अनवर ढेबर का बेहद करीबी माना जाता है। इसी सिलसिले में ईडी की टीम विवेक अग्रवाल से भी पूछताछ और दस्तावेजों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button