India vs Pakistan T20 World Cup: दीप्ति की चतुराई और ऋचा के ‘तांडव’ से पस्त हुआ पाकिस्तान, भारत ने 64 रनों से दर्ज की धमाकेदार जीत

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान का आगाज बेहद शानदार अंदाज में किया है। टूर्नामेंट के अपने पहले ही महामुकाबले में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रनों के बड़े अंतर से धूल चटा दी। वैसे तो गेंद से 5 विकेट चटकाने वाली दीप्ति शर्मा इस जीत की मुख्य नायिका रहीं, लेकिन गेंदबाजी से पहले बल्लेबाजी में दिखाई गई उनकी एक समझदारी ने इस मैच का पूरा पासा पलट कर रख दिया था।
जब मुश्किल में थी टीम इंडिया, दीप्ति ने दी ऋचा को ‘लाइफलाइन’
एक समय ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तानी स्पिनरों के जाल में फंसी भारतीय टीम 150 रनों के स्कोर तक भी नहीं पहुंच पाएगी। भारत की बेस्ट फिनिशर ऋचा घोष क्रीज पर थीं, लेकिन वह स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ संघर्ष कर रही थीं। 18वें ओवर में पाकिस्तानी स्पिनर नशरा संधू ने ऋचा को पूरी तरह बांध रखा था और ऋचा बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में विकेट गंवाने की कगार पर थीं।
तभी नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़ी दीप्ति शर्मा ने ऋचा को संयम बरतने का इशारा किया। दीप्ति जानती थीं कि आखिरी के 2 ओवर तेज गेंदबाजों के होने वाले हैं, जहां ऋचा आसानी से बड़े शॉट्स खेल सकती हैं। ऋचा ने सीनियर खिलाड़ी की बात मानी और 18वें ओवर की आखिरी 3 गेंदों पर कोई जोखिम न उठाते हुए एक भी रन नहीं लिया।
आखिरी 12 गेंदों पर ऋचा घोष का ‘तांडव’
18 ओवर के बाद भारत का स्कोर 5 विकेट पर 132 रन था। इसके बाद जो हुआ, उसने पाकिस्तानी खेमे में खलबली मचा दी:
- 19वां ओवर (तस्मिया रुबाब): दीप्ति ने पहली गेंद पर चौका जड़ा और अगली गेंद पर सिंगल लेकर स्ट्राइक ऋचा को दे दी। इसके बाद ऋचा घोष ने तस्मिया की आखिरी चार गेंदों पर 4, 6, 4, 4 की बरसात करते हुए अकेले 18 रन कूट दिए। इस ओवर से भारत ने कुल 23 रन बटोरे।
- 20वां ओवर (फातिमा सना): दीप्ति ने फिर से पहली गेंद पर सिंगल लेकर स्ट्राइक ऋचा को दी। ऋचा ने दूसरी गेंद पर शानदार चौका जड़ा। इसके बाद दबाव में आई कप्तान फातिमा ने वाइड के रूप में 5 एक्स्ट्रा रन दे दिए। ऋचा 5वीं गेंद पर आउट होने से पहले अपना काम कर चुकी थीं।
ऋचा घोष ने मात्र 17 गेंदों पर 34 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसके दम पर भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 170 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। दीप्ति शर्मा भी 9 गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद लौटीं।
दीप्ति की फिरकी के आगे ढेर हुआ पाकिस्तान
पाकिस्तान के लिए 150 रनों का लक्ष्य हासिल करना मुमकिन हो सकता था, लेकिन बोर्ड पर 170 रन टंगते ही उनकी टीम भारी दबाव में आ गई। हालांकि, पाकिस्तान ने पावरप्ले में अच्छी शुरुआत की और पहले 4 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 37 रन बना लिए थे।
इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने गेम चेंजर दीप्ति शर्मा को मोर्चे पर लगाया:
- दीप्ति ने अपने पहले ही ओवर में मात्र 2 रन देकर पाकिस्तान की ओपनिंग साझेदारी को तोड़ दिया।
- विकेट की स्थिति को भांपते हुए भारत ने अपनी स्पिन तिकड़ी को आक्रमण पर लगा दिया।
- दीप्ति शर्मा ने अपनी फिरकी का जादू बिखेरते हुए अपने 4 ओवर के कोटे में महज 10 रन देकर 5 विकेट चटकाए और पाकिस्तान की कमर तोड़ दी।
गेंदबाजी में दीप्ति के अलावा श्री चरणी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। भारतीय गेंदबाजों के इस घातक प्रदर्शन के आगे पाकिस्तान की पूरी टीम महज 106 रनों पर ऑलआउट हो गई और भारत ने 64 रनों से मुकाबला जीत लिया।






