FIFA World Cup 2026 Opening Match: मेक्सिको की जीत से ज्यादा रेड कार्ड्स की चर्चा, ओपनिंग मुकाबले में ही बन गया ये अनोखा रिकॉर्ड

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज बेहद जोरदार और ऐतिहासिक अंदाज में हो चुका है। टूर्नामेंट के ओपनिंग मुकाबले में सह-मेजबान मेक्सिको ने साउथ अफ्रीका को 2-0 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। हालांकि, इस मुकाबले की सबसे बड़ी हाइलाइट्स गोल नहीं, बल्कि मैदान पर रेफरी द्वारा दिखाए गए रेड कार्ड्स रहे। इस रोमांचक मैच के दौरान जहां कुल दो गोल दागे गए, वहीं खिलाड़ियों के खराब व्यवहार और आक्रामक टैकल के चलते तीन बार रेड कार्ड का इस्तेमाल करना पड़ा।
वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा वाक्या
फुटबॉल के खेल में रेड कार्ड मिलना किसी भी खिलाड़ी और टीम के लिए बहुत बड़ा झटका माना जाता है। लेकिन इस FIFA World Cup 2026 Opening Match में जो हुआ, वह विश्व कप के इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया। यह फुटबॉल इतिहास का पहला मौका है जब किसी वर्ल्ड कप के शुरुआती मैच में ही रेफरी ने तीन बार सीधे (स्ट्रेट) रेड कार्ड दिखाए हों। इनमें से दो रेड कार्ड साउथ अफ्रीका के खिलाड़ियों को और एक रेड कार्ड मेक्सिको के खिलाड़ी को झेलना पड़ा।
20 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, पिछले दो वर्ल्ड कप की यादें ताजा
ईएसपीएन (ESPN) की रिपोर्ट के अनुसार, मैच के दौरान खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त टैकल, रेफरी से तीखी बहस और शारीरिक टकराव देखने को मिला। जर्मनी में आयोजित हुए साल 2006 के वर्ल्ड कप के बाद यह पहली बार है जब किसी टीम को एक ही मैच में दो रेड कार्ड मिले हैं। इससे पहले 20 साल पहले पुर्तगाल और नीदरलैंड्स के मैच में ऐसा देखा गया था। हैरानी की बात यह भी है कि साल 2018 और 2022 के पिछले दो पूरे वर्ल्ड कप के दौरान कुल मिलाकर केवल 4-4 रेड कार्ड ही दिए गए थे।
जानिए किन-किन स्टार खिलाड़ियों को मैदान से बाहर जाना पड़ा
मेक्सिको सिटी के ऐतिहासिक एज्टेका स्टेडियम में खेले गए इस मैच में साउथ अफ्रीका के स्फेफेलो सिथोले और थेम्बा जवाने को मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया गया, जबकि मेक्सिको के सीजर मोंटेस को रेड कार्ड मिला। दूसरे हाफ की शुरुआत में सिथोले ने मेक्सिको के ब्रायन गुटिएरेज को बॉक्स के किनारे पर गिरा दिया था, जिसके बाद उन्हें रेड कार्ड मिला। इसके बाद 84वें मिनट में रॉबर्टो अल्वाराडो के चेहरे पर मारने के कारण वीडियो रिव्यू (VAR) के बाद थेम्बा जवाने को बाहर भेजा गया, जबकि स्टॉपेज टाइम में खुलिसो मुदाऊ को गिराने के चलते मेक्सिको के मोंटेस को भी रेड कार्ड का सामना करना पड़ा।






