FIFA World Cup 2026 Prize Money: फुटबॉल के महाकुंभ में पैसों की बारिश, T20 वर्ल्ड कप से 60 गुना ज्यादा रकम

FIFA World Cup 2026 Prize Money:फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ, फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) का शानदार आगाज गुरुवार, 11 जून से होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी संयुक्त रूप से अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको कर रहे हैं। इस साल के वर्ल्ड कप में इतिहास में पहली बार 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं। लेकिन खेल से ज्यादा इस बार जिस चीज की चर्चा हो रही है, वह है इस टूर्नामेंट की बंपर प्राइज मनी।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 प्राइज मनी का भारी-भरकम बजट
फीफा (FIFA) ने इस साल के लिए कुल प्राइज मनी का ऐलान कर दिया है, जो पिछले वर्ल्ड कप के मुकाबले काफी अधिक है। याद दिला दें कि 2022 का फीफा वर्ल्ड कप कतर में खेला गया था, जहां अर्जेंटीना ने खिताब पर कब्जा जमाया था। तब प्राइज मनी 440 मिलियन डॉलर थी।
इस बार 2026 में इसमें लगभग 50 प्रतिशत का इजाफा किया गया है। इस साल फीफा वर्ल्ड कप की कुल प्राइज मनी 655 मिलियन डॉलर रखी गई है, जो भारतीय रुपये में करीब 6241 करोड़ रुपये बैठती है।
क्रिकेट के मुकाबले फुटबॉल में 60 गुना ज्यादा पैसा
क्रिकेट फैंस के लिए यह आंकड़ा थोड़ा चौंकाने वाला हो सकता है। हाल ही में भारत की मेजबानी में हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 की कुल प्राइज मनी 11.25 मिलियन डॉलर थी, जिसमें से विजेता टीम इंडिया को 2.63 मिलियन डॉलर (करीब 24.28 करोड़ रुपये) मिले थे। वहीं, फीफा वर्ल्ड कप 2026 की कुल प्राइज मनी टी20 वर्ल्ड कप से 60 गुना ज्यादा है!
हैरानी की बात यह है कि फीफा वर्ल्ड कप में 33वें से 48वें स्थान पर रहने वाली (यानी सबसे निचले पायदान की) टीमों को भी 9 मिलियन डॉलर (करीब 86 करोड़ रुपये) मिलेंगे। यह टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम इंडिया की इनाम राशि से तीन गुना अधिक है।
किस टीम को मिलेंगे कितने पैसे? (प्राइज मनी का बंटवारा)
33वें से 48वें स्थान तक: 9 मिलियन डॉलर (86 करोड़ रुपये)
विजेता: 50 मिलियन डॉलर (476 करोड़ रुपये)
उपविजेता: 33 मिलियन डॉलर (314 करोड़ रुपये)
तीसरा स्थान: 29 मिलियन डॉलर (276 करोड़ रुपये)
चौथा स्थान: 27 मिलियन डॉलर (257 करोड़ रुपये)
5वें से 8वें स्थान तक: 19 मिलियन डॉलर (181 करोड़ रुपये)
9वें से 16वें स्थान तक: 15 मिलियन डॉलर (143 करोड़ रुपये)
17वें से 32वें स्थान तक: 11 मिलियन डॉलर (105 करोड़ रुपये)



