Tech&Business

Gold Silver Price Drop: सोने-चांदी के दाम औंधे मुंह गिरे, जानें गिरावट के 5 बड़े कारण और असली चांदी पहचानने के तरीके

Business News: सर्राफा बाजार में इस हफ्ते निवेशकों और खरीदारों के लिए बड़ी खबर है। सोने-चांदी की कीमतों (Gold Silver Price Drop) में भारी गिरावट दर्ज की गई है। अगर आप ज्वेलरी खरीदने या निवेश करने का मन बना रहे हैं, तो यह समय आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सोने और चांदी दोनों के भाव अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे आ गए हैं।

सोने और चांदी के मौजूदा भाव (Current Rates)

  • सोना (Gold): 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 5,097 रुपए गिरकर 1.40 लाख रुपए हो गया है। बीते हफ्ते (20 जून) को यह 1.45 लाख रुपए पर था।
  • चांदी (Silver): चांदी 2.32 लाख रुपए प्रति किलो से गिरकर 2.17 लाख रुपए पर आ गई है। यानी इसकी कीमत में सीधे तौर पर 15,432 रुपए की भारी कमी आई है।

इस साल 1.69 लाख रुपए तक सस्ती हुई चांदी

इस साल सोने-चांदी की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो:

  • सोने का उतार-चढ़ाव: 31 दिसंबर 2025 को सोने के दाम 1.33 लाख रुपए थे, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गए थे। तब से अब तक सोना 36 हजार रुपए सस्ता हो चुका है।
  • चांदी का उतार-चढ़ाव: चांदी की कीमत 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए थी, जो 29 जनवरी को अपने ऑल-टाइम हाई 3.86 लाख रुपए तक पहुंच गई थी। तब से अब तक मात्र 149 दिनों में चांदी 1.69 लाख रुपए सस्ती हो गई है।

सोने-चांदी के दाम में गिरावट की 5 प्रमुख वजहें

अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार में इस भारी गिरावट के पीछे कई बड़े आर्थिक और भू-राजनीतिक कारण जिम्मेदार हैं:

  1. यूएस-ईरान समझौता: अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम समझौता साइन होने से पश्चिम एशिया में युद्ध का खतरा कम हो गया है। इससे निवेशकों ने सोने-चांदी जैसे ‘सुरक्षित निवेश’ से पैसा निकालना शुरू कर दिया है।
  2. यूएस फेडरल रिजर्व का रुख: फेडरल रिजर्व ने संकेत दिए हैं कि वह इस साल ब्याज दरों में कटौती करने के बजाय उन्हें बढ़ा सकता है। ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद से बिना ब्याज वाली धातु (सोने) की चमक कम हो जाती है।
  3. मजबूत अमेरिकी डॉलर: वैश्विक बाजार में अमेरिकी डॉलर इंडेक्स लगातार मजबूत हुआ है। डॉलर मजबूत होने पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमतें अक्सर गिरती हैं।
  4. मुनाफावसूली (Profit Booking): दाम अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद बड़े निवेशकों और ट्रेडर्स ने जमकर मुनाफावसूली की, जिससे कीमतों में अचानक तेज गिरावट आई।
  5. ईटीएफ में भारी बिकवाली: सुरक्षित निवेश का आकर्षण कम होने से गोल्ड-सिल्वर ETFs में भारी बिकवाली हुई है। सिल्वर ईटीएफ में 6% और गोल्ड ईटीएफ में 3% की गिरावट ने घरेलू बाजार के भाव को नीचे खींच लिया है।

ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान

  • सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही लें। इसका अल्फान्यूमेरिक नंबर (जैसे- AZ4524) सोने की शुद्धता की गारंटी देता है।
  • कीमत क्रॉस चेक करें: खरीदने से पहले सोने का सही वजन और उसकी कीमत IBJA की आधिकारिक वेबसाइट जैसी विश्वसनीय सोर्सेज से जरूर क्रॉस चेक करें। 24, 22 और 18 कैरेट के भाव अलग-अलग होते हैं।

असली चांदी की पहचान करने के 4 आसान तरीके

अगर आप चांदी खरीद रहे हैं, तो घर बैठे उसकी शुद्धता की जांच इन तरीकों से कर सकते हैं:

  • मैग्नेट टेस्ट: असली चांदी चुंबक से नहीं चिपकती है। अगर यह चिपक जाए, तो समझ लें कि चांदी नकली है।
  • आइस टेस्ट: चांदी के ऊपर बर्फ का टुकड़ा रखें। असली चांदी ऊष्मा की सुचालक होती है, इसलिए बर्फ बहुत तेजी से पिघलती है।
  • स्मेल टेस्ट: असली चांदी में किसी तरह की कोई गंध नहीं होती। अगर उसमें से कॉपर (तांबे) जैसी गंध आए, तो वह फेक है।
  • क्लॉथ टेस्ट: सफेद कपड़े से चांदी को रगड़ें। अगर कपड़े पर काला निशान आ जाए, तो इसका मतलब है कि आपकी चांदी असली है।

Related Articles

Back to top button