National

UPI Payment Rules: क्या 2000 रुपये से ज्यादा के पेमेंट पर लगेगा चार्ज? सरकार ने दूर किया कन्फ्यूजन, पढ़ें हर सवाल का जवाब

UPI Payment Rules: 15 रुपये की चाय से लेकर 30,000 रुपये के रूम रेंट तक… सब्जी की दुकान से लेकर बड़े शॉपिंग मॉल तक, भारत में करोड़ों लोग रोजाना UPI (Unified Payments Interface) से पेमेंट करते हैं। गूगल पे (Google Pay), फोनपे (PhonePe) या पेटीएम (Paytm) खोलना, QR कोड स्कैन करना और UPI PIN डालकर कुछ ही सेकंड में पेमेंट कर देना अब आम भारतीयों की आदत बन चुकी है।

लेकिन, पिछले कुछ समय से लोगों के मन में एक बड़ा सवाल और डर है कि क्या अब 2,000 रुपये से ज्यादा का UPI पेमेंट करने पर कोई शुल्क (Charge) देना पड़ेगा? इस कन्फ्यूजन पर अब सरकार ने स्थिति पूरी तरह से साफ कर दी है।

खबर की मुख्य बातें (UPI Payment Rules)

  • कोई चार्ज नहीं: 2,000, 5,000 या 20,000 रुपये के UPI पेमेंट पर आम ग्राहकों को कोई शुल्क नहीं देना होगा।
  • P2P ट्रांजैक्शन फ्री: दोस्तों या रिश्तेदारों को पैसे भेजने (Person-to-Person) पर कोई भी फीस लागू नहीं होगी।
  • MDR का दायरा: अगर भविष्य में MDR लागू होता है, तो वह केवल कुछ खास बिजनेस (मर्चेंट) ट्रांजैक्शन पर ही लगेगा।
  • सिस्टम मेंटेनेंस: UPI सिस्टम को 24 घंटे चलाने के भारी खर्च को देखते हुए सरकार भविष्य में मामूली बदलाव कर सकती है, लेकिन ग्राहकों के लिए यह मुफ्त ही रहेगा।

क्या 2,000 या 5,000 रुपये के पेमेंट पर शुल्क लगेगा?

सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि सिर्फ इसलिए कि आपने 2,000 रुपये से ज्यादा का UPI पेमेंट किया है, आपसे कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा। मान लीजिए आपने किसी दुकान का QR कोड स्कैन करके 5,000 रुपये का पेमेंट किया। चूंकि यह पेमेंट 2,000 रुपये से ज्यादा है, तो भी आपसे अभी कोई अलग शुल्क नहीं लिया जाएगा। यही नियम 10,000 रुपये और 20,000 रुपये के बड़े पेमेंट पर भी लागू होता है। आम ग्राहकों को UPI इस्तेमाल करने पर कोई ट्रांजैक्शन चार्ज नहीं देना होगा।

MDR क्या होता है? (What is MDR?)

MDR का पूरा नाम मर्चेंट डिस्काउंट रेट (Merchant Discount Rate) है। आसान भाषा में समझें तो यह डिजिटल पेमेंट को प्रोसेस करने से जुड़ा एक शुल्क है, जिसे दुकानदार (Merchant), बैंक और पेमेंट सेवा देने वाली कंपनियों के बीच बांटा जाता है। यह शुल्क सीधे तौर पर ग्राहक के बैंक खाते से कटने वाला ‘UPI शुल्क’ नहीं है। सरकार ने साफ किया है कि 2,000 रुपये UPI से मुफ्त पेमेंट की अधिकतम लिमिट नहीं है। अगर भविष्य में MDR लागू भी किया जाता है, तो यह केवल कुछ खास बिजनेस ट्रांजैक्शन और एक तय लिमिट से ऊपर ही लागू होगा।

दोस्तों-रिश्तेदारों को पैसे भेजने (P2P) पर क्या होगा?

इस मामले में स्थिति बिल्कुल स्पष्ट है। अगर आप अपने दोस्त को 5,000 रुपये भेजते हैं या परिवार के किसी सदस्य को 20,000 रुपये UPI से ट्रांसफर करते हैं, तो इसके लिए कोई MDR नहीं लगेगा। इसे P2P (Person-to-Person) पेमेंट कहा जाता है। सरकार ने साफ कहा है कि दो लोगों (व्यक्तियों) के बीच होने वाले UPI पेमेंट हमेशा मुफ्त रहेंगे।

भविष्य को लेकर सरकार की क्या है योजना?

UPI को सुचारू रूप से चलाने के लिए बड़े स्तर पर बैंक, फिनटेक कंपनियां और पेमेंट सेवा प्रदाता काम करते हैं। इसकी तकनीक, सर्वर, साइबर सुरक्षा, धोखाधड़ी (Fraud) को रोकने और पेमेंट व्यवस्था को 24 घंटे बिना रुके चालू रखने पर काफी खर्च होता है। सरकार का कहना है कि UPI के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए इस पूरे सिस्टम को लंबे समय तक आर्थिक रूप से मजबूत बनाए रखने के लिए, भविष्य में सीमित बिजनेस ट्रांजैक्शन पर मामूली MDR लगाया जा सकता है। लेकिन अगर ऐसा होता भी है, तो भी ज्यादातर UPI बिजनेस ट्रांजैक्शन आम लोगों के लिए मुफ्त ही रहेंगे।

Related Articles

Back to top button