Delhi Metro Update:दिल्ली में बवाल की आशंका: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के चलते 12 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, धारा 163 लागू

Delhi Metro Update:राजधानी दिल्ली में आज जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर प्रस्तावित बड़े विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने नई दिल्ली जिले के 12 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के लिए एंट्री और एग्जिट (Entry-Exit) अगले आदेश तक बंद कर दिए हैं।
इस बंदी के कारण राजीव चौक से लेकर पटेल चौक और नई दिल्ली तक सफर करने वाले आम यात्रियों और नौकरीपेशा लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
इन 12 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद(Delhi Metro Update)
DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा कारणों से निम्नलिखित 12 स्टेशनों के गेट बंद रहेंगे:
- जनपथ (Janpath)
- पटेल चौक (Patel Chowk)
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट (Central Secretariat)
- राजीव चौक (Rajiv Chowk)
- सेवा तीर्थ (Seva Tirth)
- मंडी हाउस (Mandi House)
- लोक कल्याण मार्ग (Lok Kalyan Marg)
- आईएनए (INA)
- चावड़ी बाजार (Chawri Bazar)
- रामकृष्ण आश्रम मार्ग (Ramkrishna Ashram Marg)
- नई दिल्ली (New Delhi)
- बाराखंभा (Barakhamba)
आखिर क्यों हो रहा है यह विरोध-प्रदर्शन?
यह प्रदर्शन मुख्य रूप से मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुलाया गया है। आम आदमी पार्टी (AAP), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI), इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) और राज्यसभा सदस्य मनोज झा के साथ सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण ने इस विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया है।
विपक्षी दलों और छात्र संगठनों का गंभीर आरोप है कि वोटर लिस्ट के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) के तहत बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम मनमाने तरीके से हटाए गए हैं। इसी मुद्दे को लेकर CEC ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगा जा रहा है।
दिल्ली पुलिस की सख्ती: प्रदर्शन की अनुमति नहीं, धारा 163 लागू
जंतर-मंतर पर भारी भीड़ जुटने की आशंका को देखते हुए दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने इस प्रदर्शन को अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया है। पूरी नई दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों को छावनी में तब्दील कर दिया गया है:
- धारा 163 लागू: नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 (निषेधाज्ञा) लागू कर दी गई है।
- क्या है पाबंदी: इसके तहत बिना पूर्व लिखित अनुमति के 5 या उससे अधिक लोगों के सार्वजनिक रूप से इकट्ठा होने, सभा करने, जुलूस निकालने, घेराव करने या धरना देने पर सख्त पाबंदी है।
- हथियार और बैनर पर रोक: इस आदेश के तहत नारे लगाने, भाषण देने, बैनर-तख्तियां लेकर चलने और किसी भी प्रकार के हथियार, लाठी-डंडे या ईंट-पत्थर साथ रखने पर भी पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
- सुरक्षा बलों की तैनाती: मौके पर दिल्ली पुलिस के अलावा केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की भारी तैनाती की गई है। किसी भी हिंसक स्थिति से निपटने के लिए जगह-जगह दंगा नियंत्रण वाहन (Riot Control Vehicles) भी तैनात किए गए हैं।






