Raipur Crime News, Ganja Smuggling Raipur:रायपुर में गांजा तस्करी का बड़ा भंडाफोड़: 4 आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा का तस्कर भी चढ़ा पुलिस के हत्थे

Raipur Crime News, Ganja Smuggling Raipur: राजधानी रायपुर में नशे के काले कारोबार और गांजा (Ganja) तस्करी के खिलाफ पुलिस ने अभियान और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में रायपुर पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पकड़े गए आरोपियों में ओडिशा (Odisha) का एक अंतरराज्यीय तस्कर भी शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4.395 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 2 लाख 19 हजार 750 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा गांजा ढोने में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पहली कार्रवाई: आमानाका पुलिस का एक्शन
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU), एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि सरोना रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर जेपी गार्डन के पास दो लोग दोपहिया वाहन में गांजा रखकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
- पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
- गिरफ्तार आरोपी: राधाकांत राणा (56 वर्ष, निवासी टिटलागढ़, जिला बलांगीर, ओडिशा) और परमानंद साहू (40 वर्ष, निवासी अमलेश्वर, जिला दुर्ग)।
- जब्ती: इनके पास से 2.522 किलोग्राम गांजा (कीमत 1,26,100 रुपये) और मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
- दोनों के खिलाफ आमानाका थाने में धारा 20(बी) एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत अपराध (381/26) दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई: मुक्तिधाम के पास तेलीबांधा पुलिस की दबिश
दूसरी कार्रवाई में तेलीबांधा पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने रिंग रोड नंबर-1 स्थित मुक्तिधाम के पास दबिश दी।
- यहां से बोरी में छिपाकर गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
- गिरफ्तार आरोपी: गणेश राम पटेल (55 वर्ष) और शेरा कुल्हरिया (30 वर्ष), दोनों निवासी सुभाष नगर देवारपारा, तेलीबांधा।
- जब्ती: इनकी बोरी की तलाशी लेने पर 1.873 किलोग्राम गांजा (कीमत 93,650 रुपये) बरामद हुआ।
- इनके खिलाफ तेलीबांधा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला (508/26) दर्ज कर लिया गया है।
102 मामलों में 222 तस्कर हो चुके हैं गिरफ्तार
रायपुर पुलिस इन चारों आरोपियों से ओडिशा से जुड़े सप्लाई चेन और स्थानीय नेटवर्क की गहन पूछताछ कर रही है। रायपुर पुलिस के ताजा आंकड़ों के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स इस साल अब तक एनडीपीएस एक्ट के 102 मामलों में 222 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनसे कुल 7 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक का मादक पदार्थ जब्त किया गया है।



