Parvesh Verma Slap Controversy:थप्पड़ कांड पर दिल्ली की सियासत में भूचाल: प्रवेश वर्मा बोले- ‘वो कोई जेन-जी नहीं, आदतन गुंडा है’, केजरीवाल और राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

Parvesh Verma Slap Controversy:दिल्ली के तिलक नगर इलाके में सड़क निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजधानी की राजनीति पूरी तरह से गरमा गई है। इस विवाद के केंद्र में दिल्ली सरकार के नवनियुक्त PWD मंत्री और बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा हैं।
इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला है। वहीं, बैकफुट पर आने के बजाय प्रवेश वर्मा ने भी हमलावर रुख अपनाते हुए 24 घंटे के भीतर 4 बड़े बयान जारी कर AAP नेताओं को कड़ी चेतावनी दी है और राहुल गांधी पर तंज कसा है।
“सरकारी काम रोकने वाले AAP नेताओं को बर्दाश्त नहीं करूंगा”(Parvesh Verma Slap Controversy)
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को खुली चेतावनी देते हुए कहा है कि सरकारी काम में बाधा डालने वाले AAP नेताओं और उनके समर्थकों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह कड़ा बयान केजरीवाल के उस वीडियो संदेश के बाद आया है, जिसमें उन्होंने PWD मंत्री द्वारा बनाई जा रही सड़क की गुणवत्ता (Quality) पर सवाल उठाए थे और कहा था कि देश का ‘जेन-जी’ (Gen-Z) युवा सरकार से ईमानदारी और साफ रवैए की उम्मीद करता है।
24 घंटे में प्रवेश वर्मा ने दिए 4 बड़े बयान, जानें क्या-क्या कहा?
थप्पड़ विवाद बढ़ने के बाद प्रवेश वर्मा ने अपने बचाव और विरोधियों पर पलटवार के लिए एक के बाद एक कई बयान जारी किए हैं:
पहला बयान: “विधायक जरनैल सिंह कमीशन मांग रहे थे” एक 2.56 मिनट के वीडियो में प्रवेश ने AAP विधायक जरनैल सिंह पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “विधायक कई दिनों से PWD इंजीनियरों से कमीशन मांग रहे थे। जब मैं गुरुद्वारे की रोड देखने पहुंचा, तो विधायक अपने हिस्ट्रीशीटर गुंडों के साथ वहां आ गए। उनके एक कार्यकर्ता ने मेरे परिवार को गाली दी। ऐसी स्थिति में कोई भी गुस्से में प्रतिक्रिया देगा, और मैंने भी वही किया।”
दूसरा बयान: “विकास में रुकावट बर्दाश्त नहीं” अपने दूसरे 3.09 मिनट के वीडियो में स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए प्रवेश कह रहे हैं कि उनका मकसद सिर्फ विकास करना है। लेकिन विधायक बदतमीजी, गाली-गलौच पर उतर आए और हिंसक हो गए। विकास कार्य में कोई रुकावट डालेगा तो वे उसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
तीसरा बयान: राहुल गांधी को जवाब- “आप रहने दो भाई” वीडियो वायरल होने के बाद राहुल गांधी ने ‘X’ पर तंज कसते हुए लिखा था कि “ये उस सत्ता का चेहरा है जिसे अब वोटर से डर लगना बंद हो गया है।” इस पर प्रवेश वर्मा ने राहुल गांधी की पोस्ट को कोट करते हुए करारा जवाब दिया- “राहुल जी, आप रहने दो भाई, आपको कुछ नहीं पता।”
चौथा बयान: “वो कोई जेन-जी नहीं, आदतन अपराधी है” केजरीवाल के ‘जेन-जी’ वाले बयान पर तीखा पलटवार करते हुए प्रवेश वर्मा ने कहा, “आपका जेन-जी वाला ड्रामा यहां काम नहीं करेगा। वह (थप्पड़ खाने वाला युवक) कोई जेन-जी नहीं है। वह एक ऐसा आदतन गुंडा है, जिसके खिलाफ तीन महीने पहले ही MCD अधिकारी के साथ मारपीट करने की FIR दर्ज हुई थी और उसे पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था।”
दिल्ली पुलिस को मिली 5 शिकायतें, केजरीवाल का पलटवार
27 सितंबर को वायरल हुए इस वीडियो विवाद के बाद, दिल्ली पुलिस को तिलक नगर और विकासपुरी पुलिस स्टेशनों में अब तक 5 अलग-अलग शिकायतें मिल चुकी हैं।
इस पूरी घटना पर अरविंद केजरीवाल ने ईमानदारी और पारदर्शिता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अगर सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार पाया गया है, तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बीजेपी को नसीहत देते हुए कहा कि ऐसी हिंसक घटनाओं के बाद बीजेपी युवा लोगों से जुड़ने की उम्मीद कैसे कर सकती है। सरकार को युवाओं से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया पर रील बनाने की नहीं, बल्कि पारदर्शिता और जवाबदेही (Accountability) सुनिश्चित करने की जरूरत है।






