National

Political Updates: बंगाल में चुनाव बाद भड़की हिंसा, बुलडोजर से गिराया TMC दफ्तर, इधर तमिलनाडु में TVK चीफ विजय पेश करेंगे सरकार बनाने का दावा

Bengal Post Poll Violence: देश के दो बड़े राज्यों पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु से इस वक्त की सबसे अहम राजनीतिक और ग्राउंड रिपोर्ट सामने आ रही है। एक तरफ पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद भारी हिंसा का दौर शुरू हो गया है, तो दूसरी तरफ तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल बहुत तेज हो गई है। आइए इन दोनों राज्यों के ताज़ा हालातों पर एक नजर डालते हैं।

बंगाल में चुनाव के बाद भड़की हिंसा, 4 की मौत

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। मंगलवार रात कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में उपद्रवियों की भीड़ ने टीएमसी के पार्टी ऑफिस को बुलडोजर से ढहा दिया। इस दौरान आसपास की दुकानों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए टीएमसी ने एक्स पर लिखा है कि भाजपा का परिवर्तन अपने साथ बुलडोजर लेकर आया है।

पिछले 24 घंटों के भीतर ही राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 4 लोगों की हत्या की खबर है, जिनमें बीजेपी और टीएमसी के दो-दो कार्यकर्ता शामिल हैं। बीजेपी ने हावड़ा और उत्तर 24 परगना में अपने कार्यकर्ताओं की हत्या का सीधा आरोप टीएमसी पर लगाया है, जबकि टीएमसी का कहना है कि कोलकाता और बीरभूम में उनके सदस्यों की हत्या बीजेपी समर्थकों ने की है।

संदेशखाली में पुलिस और केंद्रीय बलों पर फायरिंग

हिंसा की आग केवल शहरों तक सीमित नहीं है। उत्तर 24 परगना के संवेदनशील इलाके संदेशखाली के बामनघेरी में मंगलवार रात गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय बलों की टीम पर उपद्रवियों ने अचानक फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में नाजाट थाने के ऑफिसर इन-चार्ज, एक महिला पुलिसकर्मी और केंद्रीय बलों के दो जवानों सहित कुल पांच सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं।

तमिलनाडु: सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे TVK चीफ विजय

इधर, दक्षिण की राजनीति में भी बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टीवीके (TVK) के चीफ थलपति विजय आज राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। हालांकि, बहुमत के आंकड़े को लेकर अभी भी पेंच फंसा हुआ है।

गठबंधन पर सस्पेंस और रिजॉर्ट पॉलिटिक्स शुरू

234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा में टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं। चूंकि विजय दो सीटों से चुनाव जीते हैं, इसलिए उन्हें एक सीट छोड़नी होगी, जिससे टीवीके के पास 107 विधायक ही बचेंगे। बहुमत साबित करने के लिए अभी भी 118 विधायकों की जरूरत होगी। ऐसे में टीवीके को 11 और विधायकों का समर्थन चाहिए।

जहां कांग्रेस आधिकारिक तौर पर विजय को अपना समर्थन देने का ऐलान कर चुकी है, वहीं अन्नाद्रमुक (AIADMK) के साथ भी टीवीके के गठबंधन की अटकलें जोरों पर हैं। बुधवार सुबह टीवीके नेता एन. आनंद ने चेन्नई में एआईएडीएमके प्रमुख पलानीस्वामी से मुलाकात की थी। राजनीतिक खरीद-फरोख्त से बचने के लिए टीवीके ने अपने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को महाबलीपुरम के एक आलीशान रिसॉर्ट में शिफ्ट कर दिया है।

Related Articles

Back to top button