Nana Patekar Death:नाना पाटेकर के निधन मामले में गोवा पुलिस ने दर्ज किया ‘अप्राकृतिक मौत’ का केस, बेटे मल्हार ने बताई देर रात अंतिम संस्कार की वजह

Nana Patekar Death:दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर (Nana Patekar) के निधन ने उनके फैंस और पूरी फिल्म इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस बीच, गोवा पुलिस (Goa Police) ने अभिनेता के निधन के मामले में मेडिको-लीगल ‘अप्राकृतिक मौत’ (Unnatural Death) का केस दर्ज कर लिया है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिवार के सदस्यों के बयानों की बारीकी से जांच करेगी।
न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, गोवा पुलिस ने यह मामला भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत दर्ज किया है। फिलहाल पीएसआई नितिन नाइक इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं।
मृत अवस्था में अस्पताल लाए गए थे नाना पाटेकर(Nana Patekar Death)
पणजी में दर्ज किए गए केस के मुताबिक, नाना पाटेकर को गुरुवार सुबह गोवा के डोना पाउला स्थित ‘ओशन पार्क’ से बांबोलिम के मणिपाल अस्पताल (Manipal Hospital) लाया गया था। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मणिपाल अस्पताल के ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. शेखर सालकर ने बताया कि अभिनेता को अस्पताल में मृत अवस्था में ही लाया गया था। नियमों के अनुसार, इसी वजह से पुलिस में केस दर्ज कराना पड़ा और उनके पार्थिव शरीर को पोस्टमॉर्टम के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज (GMC) के मुर्दाघर भेजा गया था। डॉक्टर ने प्रारंभिक तौर पर इसे कार्डियक अरेस्ट (Cardiac Arrest) का मामला बताया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नाना पाटेकर पहले से ही दिल की बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था।
बेटे मल्हार पाटेकर ने बताई देर रात अंतिम संस्कार की वजह
गुरुवार देर रात पुणे के डोंजे गांव स्थित उनके फार्महाउस पर नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार कर दिया गया। देर रात किए गए इस अंतिम संस्कार को लेकर उठ रहे सवालों पर उनके बेटे मल्हार पाटेकर (Malhar Patekar) ने स्थिति स्पष्ट की है।
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए मल्हार ने बताया, “हमारा पूरा परिवार गोवा में था और पार्थिव शरीर को पुणे स्थित गांव के फार्महाउस तक लाने में काफी समय लग गया। चूंकि निधन सुबह जल्दी हो गया था और काफी समय बीत चुका था, इसलिए परिवार ने गुरुवार रात को ही अंतिम संस्कार संपन्न करने का निर्णय लिया।”
जारी रहेगा ‘नाम फाउंडेशन’ का सामाजिक काम
अपने पिता को याद करते हुए मल्हार ने कहा कि नाना साहब जैसे इंसान अपनी उपलब्धियों और विचारों के जरिए हमेशा अमर रहते हैं। उन्होंने फैंस को आश्वस्त किया कि नाना पाटेकर द्वारा मराठवाड़ा में किसानों और जरूरतमंदों के लिए ‘नाम फाउंडेशन’ (NAAM Foundation) के जरिए चल रहा सामाजिक काम कभी बंद नहीं होगा। यह पुनीत कार्य अब सीईओ गणेश थोरात की देखरेख में और तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
3-गन सैल्यूट के साथ दी गई अंतिम विदाई
पुणे के फार्महाउस में नाना पाटेकर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस बल ने उन्हें 3-गन सैल्यूट (3-Gun Salute) देकर सम्मानित किया।
इस दुखद घड़ी में शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने और दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ, निर्देशक अनिल शर्मा, अनीस बज्मी और निर्माता फिरोज नाडियाडवाला समेत कई बड़ी फिल्मी हस्तियां और राजनेता पुणे पहुंचे।






