Chhattisgarh News

Chhattisgarh Tourism TTF 2026: कोलकाता के ट्रैवल फेयर में छाया छत्तीसगढ़; देश-विदेश के मेहमानों ने की जमकर तारीफ, पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

Tourism News (Kolkata/Raipur): देश के पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने वाले प्रतिष्ठित ‘ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर’ (Chhattisgarh Tourism TTF 2026) में छत्तीसगढ़ ने अपनी गहरी छाप छोड़ी है।

कोलकाता के विश्व बंगला प्रांगण में 10 से 12 जुलाई तक आयोजित इस प्रतिष्ठित आयोजन में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने एक भव्य पवेलियन स्थापित किया है। यह विशेष थीम वाला पवेलियन राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, मनोहारी प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक और जनजातीय पर्यटन के कारण आगंतुकों के आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है।

खबर की मुख्य बातें (Chhattisgarh Tourism TTF 2026)

  • शानदार पवेलियन: TTF-2026 में चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात सहित बस्तर की संस्कृति का आकर्षक प्रदर्शन।
  • विदेशी मेहमान: थाईलैंड की महावाणिज्य दूत सहित देश के कई पर्यटन मंत्रियों ने की शिरकत।
  • व्यापारिक फोकस: छत्तीसगढ़ के 28 से ज्यादा टूर ऑपरेटर और होटल संचालक ले रहे हिस्सा।
  • आर्थिक विकास: नए पर्यटन पैकेज और बी2बी (B2B) बैठकों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बूम।

पवेलियन में लगा मंत्रियों और विदेशी मेहमानों का जमावड़ा

टीटीएफ-2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के स्टॉल का उद्घाटन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस भव्य पवेलियन को देखने के लिए कई राज्यों के मंत्री और विदेशी अतिथि पहुंचे।

इनमें गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन ए. खंवटे, उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष और थाईलैंड की महावाणिज्य दूत सुश्री सिरीपोर्न तांतीपन्याथेप शामिल थीं। सभी विशिष्ट अतिथियों ने राज्य की जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक पर्यटन स्थलों और पर्यटन विकास की अपार संभावनाओं की जमकर सराहना की।

व्यापार (B2B) और पर्यटकों की संख्या बढ़ाने पर जोर

भारत के सबसे बड़े बी2बी ट्रैवल ट्रेड आयोजनों में शुमार यह फेयर (TTF) पर्यटन उद्योग से जुड़े राज्यों, देशों और ट्रैवल एजेंसियों को एक साझा मंच देता है।

पूर्वी भारत (खासकर पश्चिम बंगाल) से बड़ी संख्या में पर्यटक धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन के लिए निकलते हैं। इस बड़े बाजार को भुनाने के लिए Chhattisgarh Tourism TTF 2026 अभियान के तहत छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के साथ 28 पंजीकृत टूर ऑपरेटर्स, होटल संचालक, होम-स्टे संचालक और पर्यटन उद्यमी भी सहभागिता कर रहे हैं। यहां सिरपुर, भोरमदेव और कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के टूर पैकेजों में लोग विशेष रुचि दिखा रहे हैं।

‘पर्यटन का अद्भुत संगम है छत्तीसगढ़’

आयोजन के दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स के साथ निवेश और सहयोग पर विस्तृत चर्चा की गई।

  • छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल का संदेश देते हुए कहा, “छत्तीसगढ़ प्राकृतिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पर्यटन का अद्भुत संगम है। हमारा लक्ष्य अधिक से अधिक पर्यटकों को छत्तीसगढ़ तक लाना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।”
  • प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने अपने प्रेजेंटेशन में बताया कि टूर ऑपरेटर्स बोर्ड के साथ पंजीयन कर राज्य के पर्यटन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button