BJP MLA Purandar Mishra: मैं श्राप देता हूं भारत कांग्रेस मुक्त हो जाए, BJP विधायक पुरंदर मिश्रा का बड़ा बयान

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन से जहां एक तरफ पार्टी के नेता गदगद हैं, तो वहीं दूसरी ओर विपक्ष पर उनका हमला भी तेज हो गया है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के रायपुर से बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा का एक बेहद तीखा और विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने वेबसाइट लल्लूराम डॉट कॉम से खास बातचीत में न सिर्फ ममता बनर्जी की हार पर तंज कसा, बल्कि कांग्रेस को लेकर अपना भारी गुस्सा भी जाहिर किया।
भारत को कांग्रेस मुक्त होने का दिया श्राप
अपने तीखे प्रहार में विधायक पुरंदर मिश्रा ने देश के बंटवारे का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने 14 अगस्त की रात को भारत का विभाजन किया था। अपने गुस्से का इजहार करते हुए मिश्रा ने कहा कि मैं श्राप देता हूं कि यह देश पूरी तरह से कांग्रेस मुक्त हो जाए।
दीदी की विदाई और अखंड भारत का संकल्प
पांच राज्यों के चुनाव नतीजों पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता जहां भी जाते हैं, वहां अपनी सरकार बनाकर ही लौटते हैं। पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि जनता दीदी से पूरी तरह परेशान हो चुकी थी, इसलिए 4 मई को उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया गया। उनका मानना है कि इस जनादेश के जरिए जनता ने भारत और सनातन धर्म को बचाने का काम किया है। अब हम सब मिलकर 2047 तक विकसित भारत और अखंड भारत का सपना पूरा करेंगे।
संगीता सिन्हा को दी बधाई, लेकिन कसा तंज
छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की नई कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनीं संगीता सिन्हा को लेकर भी पुरंदर मिश्रा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में जो जितना बड़ा थैला देता है, उसे उतना ही बड़ा काम मिलता है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि विधायक संगीता सिन्हा विधानसभा में अच्छे और जनहित के मुद्दे उठाती हैं, इसलिए वे उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हैं।
नक्सलवाद और विदेशी एनजीओ फंडिंग पर चेतावनी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस को अर्बन नक्सली कहे जाने का पुरंदर मिश्रा ने खुलकर समर्थन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में नक्सलवाद को जिंदा रखने के पीछे कांग्रेस का ही हाथ रहा है। पीएम मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और गृह मंत्री अमित शाह की नीतियों के कारण आज नक्सलवाद का खात्मा हो रहा है, जिससे आने वाले समय में बस्तर में पर्यटन और सरकार की आय दोनों में इजाफा होगा।
इसके अलावा, छत्तीसगढ़ में 12 से ज्यादा एनजीओ की विदेशी फंडिंग की जांच पर उन्होंने स्पष्ट किया कि जो फंडिंग विदेश से आ रही है, उसमें कुछ लोग चिन्हित हुए हैं। विष्णु देव साय की सरकार में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सब पर कड़ी कार्रवाई होगी।
राहुल गांधी को बताया बीजेपी का स्टार प्रचारक
विधायक ने राहुल गांधी के वायरल वीडियो पर चुटकी लेते हुए उन्हें बीजेपी का स्टार प्रचारक करार दिया। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि भगवान राहुल गांधी को खुश और स्वस्थ रखें। वहीं, छत्तीसगढ़ के स्थानीय कांग्रेसी नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ये नेता अभी तक शराब घोटाले के सदमे से बाहर नहीं आ पाए हैं, इसीलिए नशे की हालत में कुछ भी अनाप-शनाप बयानबाजी करते रहते हैं।



