
नई दिल्ली/रायपुर: Mahadev App Case में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद जांच तेज करते हुए CBI ने छत्तीसगढ़ समेत 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। इस दौरान डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और ऐसे दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनसे म्यूल बैंक खातों और हवाला के जरिए पैसों के लेनदेन के संकेत मिले हैं। CBI ने खुद सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई की जानकारी दी है।
सौरभ के खुलासों के बाद छापे
CBI अधिकारियों के मुताबिक ओमान से प्रत्यर्पण के बाद सौरभ चंद्राकर से मिली जानकारी के आधार पर ये छापे मारे गए। पिछले कुछ दिनों में हुई इस कार्रवाई में सट्टेबाजी ऐप के पैनल चलाने वालों से जुड़े परिसरों को निशाना बनाया गया। CBI प्रवक्ता ने बताया कि कई जगहों पर ऑनलाइन सट्टे और जुए के पैनल चालू हालत में मिले, जिन्हें बाद में बंद कर दिया गया। CBI ने सौरभ को 1 नवंबर को गिरफ्तार किया था।
Mahadev App Case: क्या है म्यूल खाता
म्यूल बैंक खाता ऐसा खाता होता है, जिसका इस्तेमाल अपराधी अवैध कमाई लेने, उसे दूसरे खातों में भेजने और पैसे का असली स्रोत छिपाने के लिए करते हैं। ऐसे खाते अक्सर दूसरे लोगों के नाम पर खुलवाए जाते हैं। जांच एजेंसियां अब इन खातों की कड़ियां जोड़ रही हैं।
रायपुर में भी पहुंची थी टीम
इससे पहले 13 नवंबर को CBI की 6 सदस्यीय टीम ने रायपुर की समता कॉलोनी में आरोपी मोहित सोमानी के घर दबिश दी थी, जो ऑनलाइन सट्टा मामले में रायगढ़ जेल में बंद है। वहीं सौरभ चंद्राकर को अदालत ने 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा है।
5,000 करोड़ के नेटवर्क का आरोप
भिलाई के रहने वाले सौरभ चंद्राकर पर करीब 5,000 करोड़ रुपये के ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क से जुड़े आरोप हैं। ED इस मामले में अब तक 4,336 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है। सह-आरोपी रवि उप्पल को दुबई से भारत लाने की प्रक्रिया भी चल रही है।
आधिकारिक जानकारी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की वेबसाइट पर मिलती है। महादेव सट्टा की खबरें और CBI की खबरें जनदखल पर पढ़ें।






