IPL 2027 Auction:विदेश से भारत लौटा IPL ऑक्शन, 2027 के लिए गोवा में लगेगी खिलाड़ियों की बोली

IPL 2027 Auction:आईपीएल फैंस और फ्रेंचाइजियों के लिए एक बड़ी खबर है। पिछले 3 सालों से विदेश में आयोजित हो रहा आईपीएल ऑक्शन अब वापस भारत लौट आया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने बुधवार को आधिकारिक तौर पर जानकारी दी है कि IPL 2027 के लिए मिनी ऑक्शन का आयोजन गोवा में किया जाएगा। यह ऑक्शन इसी साल दिसंबर महीने में होगा।
3 साल बाद भारत में वापसी(IPL 2027 Auction)
पिछले 3 ऑक्शन भारत से बाहर आयोजित किए गए थे। साल 2024 में दुबई, 2025 में सऊदी अरब के जेद्दा और 2026 में अबूधाबी में नीलामी का बाजार सजा था। लेकिन अब आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने इस साल के मिनी ऑक्शन के लिए देश में ही वेन्यू तलाशने का फैसला किया है।
लॉजिस्टिक परेशानियों से फ्रेंचाइजियां थीं नाराज
ऑक्शन को भारत वापस लाने के फैसले में आईपीएल फ्रेंचाइजियों का फीडबैक सबसे अहम रहा। टीमों ने मिनी ऑक्शन के लिए अपने डेलिगेशन को विदेश ले जाने में होने वाली भारी लॉजिस्टिक और ऑपरेशनल परेशानियों पर कड़ी आपत्ति जताई थी। पिछले साल अबूधाबी में हुए ऑक्शन के दौरान भी फ्रेंचाइजियों ने बोर्ड के सामने अपनी यह चिंता स्पष्ट रूप से रखी थी, जिसके बाद BCCI ने वापसी का फैसला लिया।
5 स्टार होटलों की बुकिंग बनी चुनौती
ऑक्शन की सटीक तारीख और वेन्यू अभी पूरी तरह तय नहीं हुआ है। वेन्यू चुनते समय BCCI फ्रेंचाइजियों और उनके डेलिगेशन के ठहरने की व्यवस्था को सबसे ज्यादा महत्व देगा। अक्टूबर से दिसंबर तक भारत में वेडिंग सीजन होने के कारण 5 स्टार होटलों में पर्याप्त कमरे मिलना एक बड़ा फैक्टर रहेगा। BCCI को इस इवेंट के लिए 2 रातों के लिए 100 से ज्यादा कमरों की जरूरत होती है।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बॉलिंग कोच ने दिया इस्तीफा
क्रिकेट जगत से एक और खबर पाकिस्तान से है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बॉलिंग कोच एशले नॉफ्के ने अपने पद से हटने का फैसला किया है। आगामी एशियन गेम्स 2026 उनके कार्यकाल का आखिरी असाइनमेंट होगा। इसके बाद एशले नॉफ्के नीदरलैंड की पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच का पद संभालेंगे।






