KBC 16: जया बच्चन की डांट से बचने के लिए ये ‘स्मार्ट ट्रिक’ अपनाते हैं अमिताभ बच्चन, शो पर खुद खोला राज

बॉलीवुड के ‘महानायक’ अमिताभ बच्चन इन दिनों अपने लोकप्रिय क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के जरिए दर्शकों का खूब मनोरंजन कर रहे हैं। बिग बी शो में हॉटसीट पर बैठने वाले कंटेस्टेंट्स के साथ न सिर्फ गेम खेलते हैं, बल्कि बातों-बातों में अपनी निजी जिंदगी के कई दिलचस्प और अनसुने किस्से भी साझा कर देते हैं। आगामी एपिसोड में भी दर्शकों को कुछ ऐसा ही देखने को मिलेगा, जहां अमिताभ बच्चन यह बताएंगे कि वह अपनी पत्नी जया बच्चन की डांट से बचने के लिए सालों से कौन सी तरकीब अपना रहे हैं।
कंटेस्टेंट ने पूछा पर्सनल सवाल
दरअसल, शो के दौरान हॉटसीट पर बैठी कंटेस्टेंट प्रीतिराज ने बातों-बातों में महानायक से उनकी पर्सनल लाइफ से जुड़ा एक सवाल पूछ लिया। उन्होंने पूछा कि जब शूटिंग के बाद वे घर लेट पहुंचते हैं, तो पत्नी जया बच्चन की नाराजगी से कैसे बचते हैं। इस पर बिग बी ने अपनी एक खास और बेहद आसान तरकीब का खुलासा किया, जो किसी भी आम पति के काफी काम आ सकती है।
सुबह उठते ही सबसे पहले करते हैं ये काम
अमिताभ बच्चन ने हंसते हुए बताया कि उनके घर में चीजें किस तरह चलती हैं। उन्होंने कहा कि वह पत्नी जया और घर के बाकी लोगों की नाराजगी से बचने के लिए अपने शेड्यूल के बारे में सबको एडवांस में ही बता देते हैं।
शो पर अपनी रूटीन का खुलासा करते हुए बिग बी ने कहा, “देखिए देवी जी, हमें पता होता है कि क्या होने वाला है। इसलिए हम सुबह उठते ही सबसे पहले एक काम करते हैं। हमारे परिवार के सभी सदस्यों का एक ग्रुप बना हुआ है, जिसमें हम सबसे पहले हाथ जोड़कर ‘नमस्कार’ का मैसेज भेजते हैं। इसके बाद हम उसी ग्रुप में लिख देते हैं कि आज हमारी शूटिंग फलां जगह है और आज आने में देर हो जाएगी, इसलिए खाने-वाने का इंतजार मत करना।”
भूलने पर खानी पड़ती है डांट
महानायक ने बताया कि पहले ही सूचना दे देने की वजह से वह डांट खाने से बच जाते हैं। लेकिन अगर किसी दिन वह यह बात बताना भूल जाएं, तो उन्हें अच्छी-खासी डांट सुननी पड़ती है। उन्होंने बताया, “मान लीजिए कि आपने नहीं बताया, तब तो आपको पक्का डांट पड़ेगी। वो बोलेंगी कि आपने बताया क्यों नहीं, क्या यह घर आने का कोई वक्त है? अगर हमें बहुत ज्यादा देर हो जाती है, तो वो खुद ही खाना खा लेती हैं और सोने चली जाती हैं।”
स्टाफ के न होने पर खुद करते हैं घर का काम
हॉटसीट पर बैठीं कंटेस्टेंट प्रीतिराज यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने आगे अमिताभ से पूछा कि क्या घर पर नौकरों के न होने पर वह खुद कभी घर का कामकाज संभालते हैं? इसके जवाब में सदी के महानायक ने बड़ी ही सादगी से कहा कि स्टाफ की गैरमौजूदगी में वह घर का हर छोटा-बड़ा काम खुद ही करते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें बस खाना बनाना नहीं आता है।






