बेमेतरा विधायक दीपेश साहू की अनोखी शादी: वीआईपी कल्चर को कहा ना, बैलगाड़ी पर निकलेगी बारात

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत लेंगे सात फेरे
बेमेतरा। आम तौर पर राजनेताओं और माननीयों की शादियों में भव्य आयोजन, करोड़ों का खर्च और वीआईपी व्यवस्था देखने को मिलती है। लेकिन, छत्तीसगढ़ के बेमेतरा से भाजपा विधायक दीपेश साहू ने एक ऐसी पहल की है, जो पूरे प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में सकारात्मक चर्चा का विषय बन गई है। विधायक दीपेश साहू ने अपनी शादी को सादगीपूर्ण और सामाजिक संदेश से जोड़ने के उद्देश्य से एक अनोखा फैसला लिया है। वे मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में 21 अन्य जोड़ों के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे।
पारंपरिक तरीके से बैलगाड़ी पर निकलेगी बारात
आधुनिकता और चकाचौंध के इस दौर में विधायक दीपेश साहू अपनी जड़ों और संस्कृति को बढ़ावा देते हुए पारंपरिक अंदाज में शादी करने जा रहे हैं। 31 मई को होने वाले इस विवाह समारोह में विधायक की बारात किसी लग्जरी कार या रथ पर नहीं, बल्कि पारंपरिक ‘बैलगाड़ी’ पर निकलेगी। एक मौजूदा विधायक का इस तरह सादगी से बारात लेकर निकलना और आम जनता के बीच सामूहिक मंडप में शादी करना, पूरे प्रदेश में सादगी की एक बड़ी मिसाल पेश कर रहा है।
शासकीय योजना को बढ़ावा और फिजूलखर्ची पर रोक का संदेश
विधायक दीपेश साहू का यह कदम सिर्फ एक निजी फैसला नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक गहरा सामाजिक संदेश भी है। ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ मुख्य रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए चलाई जाती है। इस योजना के मंच पर एक विधायक का खुद शादी करना जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जनता के विश्वास को मजबूत करेगा। विधायक दीपेश साहू ने अपने इस निर्णय पर कहा, “शासकीय योजना तभी सफल होती है जब एक जनप्रतिनिधि स्वयं इसे अपनाकर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत करे। मैं समाज को सादगी का संदेश देना चाहता हूं, जिससे शादियों में होने वाली फिजूलखर्ची पर रोक लग सके। इसीलिए मैंने सामाजिक कार्यक्रम में विवाह का निर्णय लिया है।”
पूरा मंत्रिमंडल बनेगा बाराती
इस खास सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए पूरे प्रदेश से दिग्गज नेताओं का जमावड़ा बेमेतरा में लगेगा। बताया जा रहा है कि विधायक की इस शादी में पूरा प्रदेश मंत्रिमंडल एक ‘बाराती’ की तरह शामिल होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी इस अनुकरणीय पहल की सराहना की है और नवदंपति के साथ-साथ विवाह के बंधन में बंधने जा रहे सभी 21 जोड़ों को उनके सुखद और समृद्ध वैवाहिक जीवन के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। विधायक के इस फैसले ने यह साबित कर दिया है कि अगर जनप्रतिनिधि ठान लें, तो समाज में बड़े और सकारात्मक बदलाव लाए जा सकते हैं।



