National

CJP Delhi March:मुंबई के बाद अब दिल्ली में आर-पार की तैयारी: 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर कूच का ऐलान, बोली CJP- ‘जहां रोकोगे, वहीं बनेगा जंतर-मंतर’

CJP Delhi March:मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन तेज होता जा रहा है। मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में प्रदर्शन करने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अब सीधे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली कूच करने का औपचारिक ऐलान कर दिया है।

संगठन ने अपने पुराने प्लान में अचानक बदलाव करते हुए देश के अलग-अलग शहरों में जाने के बजाय सीधे 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े विरोध-प्रदर्शन की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर पर पाबंदी लगाए जाने की आशंका पर संगठन ने दो टूक चेतावनी दी है कि पुलिस उन्हें जहां भी रोकेगी, उसी जगह को ‘जंतर-मंतर’ बना दिया जाएगा।

10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर जुटेंगे प्रदर्शनकारी(CJP Delhi March)

शिवाजी पार्क में विरोध-प्रदर्शन के तुरंत बाद CJP के प्रमुख अभिजीत दीपके ने दिल्ली पहुंचने की तारीख तय करते हुए कहा, “यदि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं, तो देशभर से लोग दिल्ली पहुंचेंगे और 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करेंगे।”

दीपके ने आगे कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह अहिंसक होगा और वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दिखाए रास्ते पर चलेंगे। उन्होंने कहा, “अब यह केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर निर्भर करता है कि वे नागरिकों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकार का सम्मान करते हैं या पुरानी दमनकारी कार्रवाइयों को दोहराते हैं।”

‘जहां रोकेंगे, वही स्थान बनेगा जंतर-मंतर’

हाल के दिनों में नीट (NEET) विवाद और विभिन्न राजनीतिक प्रदर्शनों के बाद दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर रखी है और कई आयोजनों को अनुमति देने से इनकार किया है।

इस पर संगठन के सह-संयोजक सौरभ दास ने कहा कि जंतर-मंतर लोकतांत्रिक असहमति और साहस का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर की ऐसी घेराबंदी कर रखी है मानो वहां कोई खजाना छिपा हो। अगर हमें जंतर-मंतर जाने से रोका गया, तो दिल्ली पुलिस जहां भी बैरिकेडिंग कर लोगों को रोकेगी, वही सड़क और वही चौराहा हमारा जंतर-मंतर बन जाएगा। जिस भी जगह पर जनता सत्ता से जवाबदेही मांगेगी, वही स्थल जंतर-मंतर कहलाएगा।”

नेशनल वर्किंग कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला

CJP के दूसरे सह-संयोजक आशुतोष रांका ने स्पष्ट किया कि सीधे दिल्ली आने का यह फैसला संगठन की ‘नेशनल वर्किंग कमेटी’ (National Working Committee) की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग द्वारा वोटर लिस्ट के स्पेशल रिवीजन (SIR) के नाम पर लाखों वैध मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जो लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों के मताधिकार की रक्षा और लोकतंत्र की बहाली के लिए 10 अक्टूबर को दिल्ली में शांतिपूर्ण तरीके से एकत्रित होकर न्याय की मांग की जाएगी।

Related Articles

Back to top button