Entertainment

Gondhal Oscar 2027:33 फिल्मों को पछाड़कर ऑस्कर 2027 के लिए चुनी गई मराठी थ्रिलर ‘गोंधल’, 99वें एकेडमी अवार्ड्स में करेगी भारत का प्रतिनिधित्व

Gondhal Oscar 2027:भारतीय सिनेमा के लिए आज का दिन बेहद खास है। 99वें एकेडमी अवार्ड्स (ऑस्कर 2027) के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि का ऐलान हो गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने शुक्रवार को घोषणा की है कि संतोष दवाखर के निर्देशन में बनी मराठी थ्रिलर फिल्म ‘गोंधल’ (Gondhal) ऑस्कर के मंच पर ‘बेस्ट इंटरनेशनल फीचर’ कैटेगरी में देश का प्रतिनिधित्व करेगी।

33 फिल्मों की कड़ी टक्कर में ‘गोंधल’ ने मारी बाजी ऑस्कर की रेस में शामिल होना किसी भी फिल्म के लिए आसान नहीं होता। इस साल भारत की तरफ से कुल 33 फिल्में सबमिट की गई थीं। इनमें 14 हिंदी, 4 मराठी, 4 तेलुगू, 4 गुजराती, 3 तमिल, 1 मलयालम और 1 नागामीज भाषा की फिल्म शामिल थी। दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट में एक साइलेंट फिल्म भी अपनी जगह बनाने में कामयाब रही थी। इन तमाम बड़ी और क्षेत्रीय फिल्मों को पछाड़ते हुए ‘गोंधल’ ने ऑस्कर का टिकट अपने नाम किया है।

अवॉर्ड्स की झड़ी लगा चुकी है यह मराठी थ्रिलर ‘गोंधल’ के लिए ऑस्कर की एंट्री कोई इत्तेफाक नहीं है, बल्कि यह फिल्म पहले ही कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी धाक जमा चुकी है। ऑस्कर में जाने से पहले ही इस फिल्म ने कई प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स अपने नाम किए हैं:

  • 2025 के 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (IFFI) में ‘सिल्वर पीकॉक’ अवार्ड (बेस्ट डायरेक्टर)।
  • 17वें बेंगलुरु इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में ‘FIPRESCI अवॉर्ड’।
  • पुणे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (PIFF) 2026 में बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट सिनेमैटोग्राफर का खिताब।
  • 22वें थर्ड आई एशियाई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (2026) में भी बेस्ट डायरेक्टर का सम्मान।

इंसानी जज्बातों और परंपराओं की कहानी है ‘गोंधल’ इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसका जमीन से जुड़ा होना है। ‘गोंधल’ में कोई बहुत बड़ा या जाना-माना सुपरस्टार नहीं है। इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, किशोर कदम और सुरेश विश्वकर्मा जैसे बेहतरीन कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से कहानी में जान फूंक दी है। फिल्म की कहानी एक गांव के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बड़ी ही गहराई से इंसानी कमजोरियों, उनके अधूरे सपनों और सदियों पुरानी परंपराओं के बीच के टकराव को दिखाती है। लोक कथाओं को आज के हालात में पिरोकर निर्देशक ने इसे दर्शकों के दिलों के बेहद करीब ला दिया है।

पिछले साल खाली रह गए थे हाथ आपको बता दें कि एकेडमी अवार्ड्स का 99वां संस्करण 14 मार्च 2027 को लॉस एंजिल्स के प्रतिष्ठित डॉल्बी थिएटर में आयोजित किया जाएगा। पिछले साल की बात करें तो, निर्देशक नीरज घेवान की फिल्म ‘होमबाउंड’ (ईशान खट्टर और विशाल जेठवा स्टारर) को भारत की तरफ से ऑस्कर के लिए भेजा गया था, लेकिन बदकिस्मती से वह फिल्म ऑस्कर की ‘लॉन्ग लिस्ट’ में भी जगह नहीं बना पाई थी। अब पूरे देश की निगाहें और उम्मीदें ‘गोंधल’ पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button