Cyclone Arnab Crop Damage:चक्रवात ‘अर्नब’ से बर्बाद हुई फसलें: CM विष्णुदेव साय ने कलेक्टरों को दिए तत्काल सर्वे और मुआवजा बांटने के सख्त निर्देश

Cyclone Arnab Crop Damage: छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ (Cyclone Arnab) के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में फसलों को हुए भारी नुकसान को राज्य सरकार ने पूरी गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) ने सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल प्रभाव से फसल क्षति का जमीनी सर्वेक्षण (Crop Damage Survey) कराने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को हिदायत दी है कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में प्रभावित किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें समय पर राहत मिल सके, इसके लिए पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य किया जाए।
RBC 6-4 के तहत मिलेगी सहायता राशि(Cyclone Arnab Crop Damage)
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का जल्द से जल्द सटीक आकलन किया जाए।
- मुआवजे का प्रावधान: सर्वेक्षण के बाद प्रभावित और पात्र किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के प्रावधानों और निर्धारित मानदंडों के तहत तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।
- देरी बर्दाश्त नहीं: उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि सर्वेक्षण से लेकर सहायता राशि के वितरण तक की पूरी प्रक्रिया में कोई भी अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
“अन्नदाताओं के साथ मजबूती से खड़ी है सरकार”
किसानों को ढांढस बंधाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संदेश में कहा:
“चक्रवात ‘अर्नब’ से फसलों को हुए नुकसान के कारण हमारे अन्नदाता भाइयों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हमारी सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में हम हर प्रभावित किसान के साथ मजबूती से खड़े हैं। हमारे अन्नदाताओं की मेहनत और उनके हितों की पूर्ण रक्षा के लिए हमारी सरकार सदैव प्रतिबद्ध है।”
प्रशासनिक अमला मुख्यमंत्री के इन निर्देशों के बाद अलर्ट मोड पर आ गया है और संबंधित जिलों में राजस्व व कृषि विभाग की संयुक्त टीमों ने फसल क्षति के आकलन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।






