Chhattisgarh News

Chhattisgarh Road Construction:छत्तीसगढ़ में 243 करोड़ के सड़क-पुल निर्माण को हरी झंडी: रायपुर को जाम से मिलेगी निजात, बस्तर की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

Chhattisgarh Road Construction: छत्तीसगढ़ से इस वक्त की एक बड़ी और अहम खबर सामने आ रही है। प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने सड़क निर्माण को एक बड़ी मंजूरी दे दी है। कुल 243.81 करोड़ रुपये के सड़क और पुल निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिल गई है। इस बड़े फैसले से राजधानी रायपुर से लेकर बस्तर के बीजापुर तक नई सड़कों और पुलों का जाल बिछेगा। प्रदेश के डिप्टी सीएम और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने इन सभी कार्यों के लिए तत्काल कार्यादेश जारी कर निर्माण शुरू करने के सख्त निर्देश दे दिए हैं।

रायपुर वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी, फुंडहर चौक पर बनेगा ओवरपास

राजधानी रायपुर के लोगों के लिए इस योजना में सबसे बड़ी खुशखबरी छिपी है। शहर के फुंडहर चौक पर 29.80 करोड़ रुपये की लागत से एक नए ओवरपास का निर्माण किया जाएगा। ज्ञात हो कि फुंडहर चौक पर रोजाना भारी वाहनों का दबाव रहता है, जिसके कारण लोगों को घंटों लंबे जाम का सामना करना पड़ता है। इस ओवरपास के बनने के बाद राजधानी वासियों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

इसके साथ ही, रायपुर के ही रायपुरा चौक फ्लाईओवर की 3.66 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड का भी चौड़ीकरण किया जाएगा, जिससे यातायात और अधिक सुगम हो सकेगा।

12 पुल और 6 सड़कों के निर्माण को मिली मंजूरी

डिप्टी सीएम अरुण साव द्वारा दी गई इस मंजूरी में प्रदेश भर में कुल 12 पुल और 6 सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन कार्य शामिल हैं। इन कार्यों में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की सड़कों को शामिल किया गया है, जिससे गांवों की शहरों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी और व्यापार के साथ-साथ आवागमन भी आसान होगा।

बीजापुर में इंद्रावती नदी पर बनेगा उच्च स्तरीय पुल

बस्तर संभाग के लिए भी यह योजना बड़ी सौगात लेकर आई है। बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी पर 36 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एक उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। यह पुल विशेष रूप से बरसात के दिनों में नदी के दोनों छोरों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा। अक्सर बारिश के मौसम में कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट जाता है। इस पुल के बन जाने के बाद 12 महीने साल भर निर्बाध आवागमन बना रहेगा।

गुणवत्ता और समय-सीमा पर डिप्टी CM सख्त

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत कार्यों का जल्द से जल्द कार्यादेश जारी किया जाए और निर्माण कार्य बिना किसी देरी के शुरू कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी काम में लापरवाही या लेटलतीफी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button