“नींबू काटा और बारिश रोक दी”: कांकेर सांसद Bhojraj Nag के दावे पर सियासी बवाल, कांग्रेस ने ली जमकर चुटकी

छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों एक ‘नींबू’ चर्चा का विषय बना हुआ है। कांकेर लोकसभा सीट से भाजपा सांसद भोजराज नाग (Bhojraj Nag) ने बालोद में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में ऐसा दावा किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने खुले मंच से कहा कि उन्होंने नींबू काटकर बारिश रोक दी, ताकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का कार्यक्रम बिना किसी विघ्न के संपन्न हो सके। सांसद के इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस (CG Congress) ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है और जमकर तंज कसा है।
आखिर सांसद Bhojraj Nag ने क्या कहा था?
बालोद जिले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा ‘महतारी वंदन योजना’ की राशि के अंतरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी मंच से जनता को संबोधित करते हुए कांकेर सांसद भोजराज नाग ने दावा किया:
“मुख्यमंत्री जी के आने का प्रोटोकॉल रात 12 बजे जारी किया गया था। खराब मौसम में भी सीएम बालोद आने के लिए तैयार हो गए। लेकिन मैंने बूढ़ादेव महादेव से प्रार्थना कर नींबू काटा और बारिश रोक दी।“
PCC चीफ दीपक बैज का पलटवार: “नींबू काटकर महंगाई रोक दें”
सांसद का यह बयान (Bhojraj Nag) वायरल होते ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC Chief) दीपक बैज ने भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने भाजपा को ‘अंधविश्वासी पार्टी’ करार दिया।
बैज ने तंज कसते हुए कहा, “कोरोना काल में ताली बजाने वाले और मोमबत्ती जलाने वाले लोग ऐसी ही बातें करेंगे। यदि सांसद के नींबू काटने से वाकई बारिश रुक रही है, तो उन्हें महंगाई रोकने के लिए भी नींबू काटना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा:
- चीनी 70 रुपये किलो बिक रही है, उसके लिए नींबू काटें।
- पेट्रोल-डीजल 111 रुपये प्रति लीटर है, उसे 50 रुपये करने के लिए नींबू काटें।
- तेल और दाल की आसमान छूती कीमतों और भारी-भरकम बिजली बिल को कम करने के लिए भी एक नींबू काट लें।
- यदि फिर भी कुछ न हो, तो प्रदेश के सीएम को सद्बुद्धि देने के लिए ही नींबू काट लें।
मोहन मरकाम की चुटकी: “बस्तर में बारिश करवा दीजिए”
पूर्व मंत्री और पूर्व पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर सांसद भोजराज नाग पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा:
“यदि नींबू से बारिश रुक सकती है तो बस्तर में बरसा भी दीजिए, माननीय सांसद भोजराज नाग जी! बस्तर के किसान बारिश के लिए तरस रहे हैं। यदि आपकी प्रार्थना में इतनी ही शक्ति है, तो कृपया अपनी कृपा-दृष्टि बस्तर पर भी डालिए और महादेव से बारिश की प्रार्थना करिए।”
कांग्रेस का तंज: “भाजपा का नया आपदा प्रबंधन मॉडल”
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने आधिकारिक हैंडल से भी इस बयान का मजाक उड़ाया। कांग्रेस ने पोस्ट करते हुए लिखा, “बारिश ज्यादा हो तो मौसम विभाग को फोन मत करना… भाजपा सांसद को एक नींबू पकड़ा देना। यह भाजपा का नया आपदा प्रबंधन मॉडल है- ‘नींबू काटो, बरसात भगाओ’।”
सांसद के इस ‘नींबू वाले बयान’ ने प्रदेश की राजनीति में एक नया विवाद और हंसी-मजाक का दौर शुरू कर दिया है। फिलहाल भाजपा की ओर से कांग्रेस के इन तीखे हमलों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।






