Ambikapur Crime News:अंबिकापुर में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार: संचालक राजेश समद्दार गिरफ्तार, 2 लाख की प्रतिबंधित सिरप और टैबलेट जब्त

Ambikapur Crime News: संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजेश समद्दार अंबिकापुर के सुभाषनगर वार्ड क्रमांक-2 में न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर संचालित करता था। टीम ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये कीमत की प्रतिबंधित कफ सिरप और 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट जब्त की हैं। आरोपी को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21 (सी) के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पहले कराई गई खरीदी, फिर मारा छापा(Ambikapur Crime News)
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता कार्यालय में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर का संचालक बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप और टैबलेट बेच रहा है।
- सूचना की पुष्टि करने के लिए आबकारी टीम ने पहले मेडिकल स्टोर से नशीली दवाओं की खरीदी कराई।
- खरीदी की पुष्टि होते ही टीम ने दुकान पर दबिश दी। मौके पर संचालक राजेश समद्दार मौजूद मिला, लेकिन दुकान के भीतर से कोई संदिग्ध मादक पदार्थ नहीं मिला।
- इसके बाद आरोपी से पूछताछ कर मेडिकल स्टोर के पीछे बने एक कमरे की तलाशी ली गई, जहां से 132 नग कफ सिरप और 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की गईं। इस पूरी कार्रवाई में कुल 207 नग प्रतिबंधित कफ सिरप और 3600 टैबलेट जब्त की गईं, जिनका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 2 लाख रुपये बताया गया है।
उत्तर प्रदेश से लाता था नशीली दवाओं की खेप
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्रतिबंधित कफ सिरप और टैबलेट पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से लेकर आता था। विभाग अब इस अवैध सप्लाई चेन के आगे के लिंक की पतासाजी कर रहा है।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक टीआर केहरी, अनिल गुप्ता, आबकारी आरक्षक दीपक पांडे, आशिष कुंज और नगर सैनिक गणेश पाण्डेय की सक्रिय भूमिका रही।
दवा कारोबारियों से आबकारी विभाग की अपील
आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने क्षेत्र के दवा कारोबारियों से अपील की है कि वे नशीली दवाइयों के अवैध व्यापार से दूर रहें। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर सजा का प्रावधान है। उन्होंने कारोबारियों से अपने परिवार का ध्यान रखने और युवा पीढ़ी को नशे के गर्त में न धकेलने की समझाइश दी है।






