President Droupadi Murmu Raipur: राष्ट्रपति मुर्मू पहुंचीं रायपुर, जारी करेंगी 200 रुपये का स्मारक सिक्का, कल बस्तर के मुरिया दरबार में होंगी शामिल

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंच गईं। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका, मंत्री विजय शर्मा, खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल, ओपी चौधरी, श्याम बिहारी जायसवाल और सांसद विजय बघेल भी मौजूद रहे।
आज रायपुर में ये कार्यक्रम
- दोपहर 12:45 बजे: रायपुर स्थित लोकभवन में कार्यक्रम। यहां राष्ट्रपति पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी।
- शाम 4 बजे: रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व पर आयोजित सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि।
कल बस्तर में मां दंतेश्वरी के दर्शन और मुरिया दरबार
दौरे के दूसरे दिन यानी 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति बस्तर में रहेंगी। सुबह 11 बजे वे जगदलपुर के मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक मुरिया दरबार और सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां वे मांझी-चालकी समाज के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करेंगी।
CM साय बोले- छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य की बात है कि राष्ट्रपति यहां आ रही हैं। वे 200 रुपये के सिक्के का विमोचन करेंगी और कल बस्तर में आम सभा को संबोधित करेंगी।
डिप्टी CM विजय शर्मा ने बताया कैसे बना बस्तर दौरा
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि पहले छत्तीसगढ़ के आदिवासियों को राष्ट्रपति भवन में आमंत्रित किया गया था, जहां राष्ट्रपति ने अपने हाथों से सभी को भोजन परोसा। वहां लोगों ने निवेदन किया था कि अब माओवाद खत्म हो गया है, इसलिए वे बस्तर आएं। मुरिया दरबार में आने का फैसला उसी दिन लिया गया था।
नक्सलमुक्त बस्तर में पहली बार राष्ट्रपति
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि बस्तर नक्सलवाद से मुक्त हुआ है और ऐसे समय में राष्ट्रपति का आगमन अभूतपूर्व खुशी का अनुभव है। बस्तर दशहरा के करीब 600 साल पुराने इतिहास में राष्ट्रपति का मुरिया दरबार में शामिल होना इसे और भी ऐतिहासिक बना देगा।
ये भी पढ़ें: बस्तर दशहरा की खबरें | रायपुर समाचार






