CG News: रायपुर में 27.80 करोड़ की GST चोरी का भंडाफोड़, फर्जी बिलिंग का मास्टरमाइंड रोहन तन्ना गिरफ्तार

राजधानी रायपुर में वस्तु एवं सेवा कर खुफिया महानिदेशालय (DGGI) ने एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। यह सिंडिकेट फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के जरिए सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का चूना लगा रहा था।
27.80 करोड़ का फर्जी लेन-देन
डीजीजीआई की जांच में सामने आया है कि मेसर्स सृष्टि कंस्ट्रक्शन नामक फर्म के जरिए करीब 27.80 करोड़ रुपये का फर्जी लेन-देन किया गया। अधिकारियों के अनुसार आरोपितों ने बिना किसी वास्तविक माल की आपूर्ति किए केवल कागजी खानापूर्ति करके फर्जी बिल जारी किए।
इस जालसाजी के जरिए 17.18 करोड़ रुपये का अवैध आईटीसी लाभ खुद प्राप्त किया गया और 10.62 करोड़ रुपये की राशि अन्य फर्मों को पास कर दी गई।
मास्टरमाइंड निकला रोहन तन्ना
इस पूरे घोटाले का मास्टरमाइंड रोहन तन्ना बताया जा रहा है। रोहन तन्ना का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह वर्ष 2021 में भी 7 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी मामले में गिरफ्तार हो चुका था और वर्तमान में जमानत पर बाहर था।
बड़े एक्शन की तैयारी और कानूनी कार्रवाई
यह पूरा कृत्य सीजीएसटी अधिनियम, 2017 की धारा 16 का स्पष्ट उल्लंघन है। चूंकि यह फर्जीवाड़ा करोड़ों में है, इसलिए इसे धारा 132 के तहत एक संज्ञेय और गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में रखा गया है। डीजीजीआई के अधिकारियों का कहना है कि मामले की सघन जांच अभी जारी है और इस सिंडिकेट से जुड़ी अन्य फर्मों तथा व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।



