Chhattisgarh News

Crime News: मीना बाजार की दोस्ती पड़ी भारी, विवाहिता को बंधक बनाकर मांगे 50 हजार; फोटो वायरल करने की दी धमकी

Crime News:छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक विवाहिता को प्रेमजाल में फंसाकर बंधक बनाने और ब्लैकमेल करने का बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले मीना बाजार में युवती से दोस्ती बढ़ाई, फिर उसे रायपुर और रायगढ़ में बंधक बनाकर रखा। जब युवती ने घर जाने की गुहार लगाई, तो आरोपी ने उसकी तस्वीरें वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी और 50 हजार रुपये की डिमांड कर डाली। चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

मीना बाजार से शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल पुलिस के मुताबिक, पीड़िता 1 सितंबर को अपनी सहेली के साथ सावित्री नगर स्थित मीना बाजार (मेला) घूमने गई थी। वहीं उसकी मुलाकात जूटमिल इलाके के मौदहापारा निवासी अजरूदीन अली उर्फ अज्जू (20) से हुई। दोनों के बीच मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान हुआ और बातचीत शुरू हो गई। इसके कुछ दिन बाद ही आरोपी अज्जू ने युवती पर रायपुर चलने और होटल में रुकने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

रायपुर से लेकर रायगढ़ तक बनाया बंधक महिला पुलिस अधिकारी को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे अपने साथ रायपुर ले गया और एक होटल में ठहराया। वहां युवती को किसी से संपर्क नहीं करने दिया गया और चेकआउट करने पर भी पाबंदी लगा दी गई।

किसी तरह बचकर युवती 13 सितंबर को ट्रेन से वापस रायगढ़ पहुंची। लेकिन आरोपी अज्जू को इसकी भनक लग गई और उसने रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर ही उसे रोक लिया। वहां से वह युवती को सीधे एक होटल ले गया और एक रात वहां बंधक बनाकर रखा। जब युवती ने घर जाने की जिद पकड़ ली, तो आरोपी उसे ऑटो में बिठाकर कोतरारोड़ के अटल विहार स्थित एक मकान में ले गया और वहां कैद कर दिया।

फोटो वायरल करने की धमकी और 50 हजार की डिमांड अटल विहार के मकान में बंधक बनाकर रखने के दौरान आरोपी ने युवती को धमकाना शुरू किया। अज्जू ने कहा कि मीना बाजार में खींची गई उसकी तस्वीरें वह वायरल कर देगा और पूरे रायगढ़ में उसे बदनाम कर देगा। इतना ही नहीं, उसने दावा किया कि युवती पर उसने 50 हजार रुपये से अधिक खर्च किए हैं और जब तक यह रकम नहीं मिल जाती, वह उसे वहां से जाने नहीं देगा।

मां की शिकायत पर पुलिस का एक्शन इधर, बेटी के लापता होने पर परेशान मां ने 5 सितंबर को चक्रधरनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सटीक सूचना और तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल) की मदद से पुलिस ने 16 सितंबर को अटल विहार स्थित उस मकान में दबिश दी। पुलिस टीम ने मौके से लापता युवती को सकुशल रेस्क्यू कर लिया और आरोपी अज्जू को धर दबोचा। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि इस पूरे मामले में अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा सकें।

Related Articles

Back to top button