Raipur Police: पुलिसकर्मियों का तनाव दूर करेगी ‘शुकवारी संझा’, कमिश्नरेट की अनूठी पहल

रायपुर में पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन को लेकर एक बेहद सकारात्मक और अभिनव पहल की गई है। डॉ. संजीव शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस कमिश्नरेट रायपुर लगातार सामुदायिक पुलिसिंग को नए आयाम दे रहा है। इसी कड़ी में आज शाम पुलिस लाइन रायपुर में “शुकवारी संझा – तन-मन रंजन” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नरेट और हार्मोनिका क्लब का संयुक्त प्रयास
बढ़ते कार्य दबाव और चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के बीच पुलिस जवानों को सकारात्मक ऊर्जा देने के लिए यह कार्यक्रम तैयार किया गया है। यह आयोजन पुलिस कमिश्नरेट रायपुर और छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है। इसे देश में पुलिसकर्मियों के लिए तनाव प्रबंधन की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयोग माना जा रहा है।
‘योग-संगीत-सूत्र’ से मिलेगी शांति
करीब 12 वर्षों से सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब ने “योग-संगीत-सूत्र” की अवधारणा पर इस विशेष कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की है।
- संगीत और योग का संगम: कार्यक्रम में हार्मोनिका वादन, मधुर गीतों और योग-संगीत के माध्यम से जवानों को तनावमुक्त वातावरण देने का प्रयास किया जाएगा।
- मनोबल में होगी वृद्धि: आयोजकों का मानना है कि इस तरह के सकारात्मक माहौल और मानसिक संतुलन से पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और मनोबल दोनों मजबूत होंगे।
सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक सामाजिक अभियान
छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब के संस्थापक एवं अध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का एक सामाजिक अभियान है। पुलिस लाइन परिसर में लगाए गए पोस्टरों में भी इसे पुलिस जवानों के मनोबल संवर्धन का प्रयास बताया गया है। सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी पुलिस कमिश्नरेट की इस बेहतरीन पहल की जमकर सराहना कर रहे हैं।



