Raipur 53 Lakh Theft Case:रायपुर में 53 लाख की चोरी का पर्दाफाश: 1 हफ्ते की रेकी, फिर पार किया रुपयों भरा बैग, गीजर और खिलौनों से मिला कैश

Raipur 53 Lakh Theft Case: राजधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास कपड़ा कारोबारी की एक्टिवा से 53 लाख रुपए चोरी होने की बड़ी वारदात को पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने इस मामले में 2 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने चोरी की इस बड़ी रकम को अपने घरों में गीजर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों के अंदर छिपाकर रखा था. पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर 53 लाख रुपए नकद, 1 पल्सर मोटरसाइकिल और 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं.
5 मिनट के लिए पान खाने रुका था कारोबारी(Raipur 53 Lakh Theft Case)
पुलिस के अनुसार, शैलेन्द्र नगर निवासी किशोर बलवानी की पंडरी कपड़ा मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है. 9 अक्टूबर को सुबह करीब 11:40 बजे वह अपने घर से दुकान के लिए निकले थे. उन्होंने 53 लाख रुपए नकदी से भरा सफेद रंग का बैग अपनी एक्टिवा के सामने पायदान पर रखा था.
रास्ते में कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास अप्पू पान ठेले के सामने उन्होंने अपनी गाड़ी खड़ी की और पान खाने चले गए. लगभग 5 मिनट बाद जब वह वापस लौटे, तो गाड़ी से पैसों से भरा बैग गायब था. इसके बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई.
हजारों CCTV कैमरों ने खोला राज
मामले की जांच के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और सिविल लाइन थाना पुलिस की 1 संयुक्त टीम बनाई गई. जांच टीम ने घटनास्थल और भागने के रास्तों पर लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. फुटेज में बिना नंबर की 1 पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार 2 संदिग्ध नजर आए.
ये आरोपी इतने शातिर थे कि अपनी पहचान छिपाने के लिए रास्ते में बार-बार कपड़े बदल रहे थे और मुख्य मार्गों के बजाय वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मनीष यदु और कमलेश कुशवाहा की पहचान की और उन्हें धर दबोचा.
1 सप्ताह तक की रेकी, खिलौनों में छिपाया पैसा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले 1 सप्ताह से कारोबारी की रेकी कर रहे थे. उन्हें कारोबारी के घर से निकलने और दिनचर्या की पूरी जानकारी थी. 9 अक्टूबर को मौका मिलते ही उन्होंने बैग पार कर दिया. इसके बाद नकदी को घर के अलग-अलग हिस्सों जैसे गीजर, टीवी और खिलौनों में छिपा दिया. पुलिस ने उनके 3 बैंक खातों को भी फ्रीज करा दिया है, जिनमें चोरी की कुछ रकम जमा की गई थी. इस पूरी जब्ती की कीमत लगभग 54 लाख रुपए बताई जा रही है.
दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पकड़े गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है:
- मनीष यदु (उम्र 39 वर्ष, निवासी सेक्टर 2, डीडी नगर): इसके खिलाफ पहले से मारपीट और जुआ एक्ट के मामले दर्ज हैं. साल 2012 में इसने आजाद चौक थाने में नकदी लूट की झूठी रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी.
- कमलेश कुशवाहा (उम्र 36 वर्ष, निवासी टाटीबंध): यह भी पूर्व में सिविल लाइन थाने से मारपीट के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है.






