Raipur Drugs Case: 3 दोषियों को 20-20 साल की कैद, 6 बरी

रायपुर/जनदखल। Raipur Drugs Case में अदालत का बड़ा फैसला आया है। हिमाचल प्रदेश के कसोल से दिल्ली और रायपुर तक फैले ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के मामले में NDPS की स्पेशल कोर्ट ने 9 आरोपियों में से 3 को दोषी करार देकर 20-20 साल की सख्त कैद सुनाई है। बाकी 6 आरोपियों को संदेह का लाभ देकर बरी कर दिया गया।
इन्हें मिली सजा
सजा पाने वालों में आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और शुभम सोनी शामिल हैं। न्यायाधीश शैलेष शर्मा की अदालत ने यह फैसला सुनाया। मामले में 20 गवाहों के बयान दर्ज किए गए थे। सरकारी वकील स्वामी शर्मा के मुताबिक गिरोह के सदस्य नाइजीरियन सप्लायर से ड्रग्स खरीदते थे और हिमाचल के होटल से छत्तीसगढ़ तक खेप पहुंचाते थे।
Raipur Drugs Case: कमल विहार में पिस्टल के साथ पकड़ा गया था शुभम
कार्रवाई की शुरुआत 23 सितंबर 2024 को हुई थी। मुखबिर की सूचना पर टिकरापारा पुलिस ने कमल विहार सेक्टर-4 चौक के पास दबिश दी। शुभम सोनी के पास से 31.88 ग्राम चरस, 98 MDMA टैबलेट (वजन 45.08 ग्राम), एक लोहे की पिस्टल, खाली मैगजीन, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, खाली कैप्सूल, 1 लाख रुपये नकद और 2 स्मार्टफोन जब्त हुए थे।
शुभम के बयान से खुला नेटवर्क
शुभम सोनी के बयान के आधार पर 8 और लोगों को आरोपी बनाया गया, जिससे आरोपियों की संख्या 9 हो गई। जांच में रायपुर से कसोल और दिल्ली तक फैले कारोबार का खुलासा हुआ, जिसमें चरस, MDMA और कोकीन बरामद की गई थी।
कसोल के होटल से कोकीन की खेप
जांच में सामने आया था कि आर्यन ठाकरे कसोल में एक होटल लीज पर चलाता था। 21 सितंबर 2024 को वह कसोल से रायपुर आया था और उसके पास से 65.50 ग्राम कोकीन बरामद हुई थी, जिसकी डिलीवरी 25 सितंबर को होनी थी। बताया गया कि हर खेप पर 25 हजार रुपये कमीशन दिया जाता था और पुलिस के डर से बातचीत स्नैपचैट पर होती थी।
नशे के खिलाफ आधिकारिक जानकारी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की वेबसाइट पर मिलती है। ड्रग्स की खबरें और रायपुर की खबरें जनदखल पर पढ़ें।






