CSPHCL Recruitment 2026:छत्तीसगढ़ बिजली कंपनी में 1,501 पदों पर भर्ती की तारीख बढ़ी: अब 3 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन, अब तक आए 1.5 लाख फॉर्म

CSPHCL Recruitment 2026: छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की तीनों कंपनियों में 1,501 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 नवंबर से बढ़ाकर 3 दिसंबर की रात 11.55 बजे तक कर दी गई है। इस अवधि तक उम्मीदवार ऑनलाइन फॉर्म भरने के साथ निर्धारित आवेदन शुल्क भी जमा कर सकेंगे। अब तक इस भर्ती के लिए लगभग 1.5 लाख आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (CSPDCL), छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी (CSPTCL) और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी (CSPGCL) में कुल 1,501 पदों पर यह भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इनमें द्वितीय श्रेणी के 195 पद तथा तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं। भर्ती से जुड़ा विस्तृत विज्ञापन पावर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
38 प्रकार के पदों पर होंगी नियुक्तियां, DEO के लिए सबसे ज्यादा आवेदन(CSPHCL Recruitment 2026)
जारी विज्ञापन के मुताबिक, तीनों कंपनियों में कुल 38 प्रकार के तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।
- डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO): तीनों पावर कंपनियों में इस पद के लिए कुल 609 पद रिक्त हैं। अब तक सबसे ज्यादा करीब 81,000 अभ्यर्थियों ने इसी पद के लिए आवेदन किया है।
- अन्य प्रमुख पद: इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता (JE), सहायक अभियंता (AE) सहित विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर भी बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं।
कैसे होगी चयन प्रक्रिया?
सभी पदों पर चयन के लिए पारदर्शी परीक्षा प्रणाली अपनाई जाएगी:
- कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT): सभी पदों के लिए कंप्यूटर आधारित मल्टीपल चॉइस टेस्ट आयोजित किया जाएगा। इस परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार होगी।
- कौशल और दक्षता परीक्षा: डाटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए मेरिट सूची के आधार पर चयनित उम्मीदवारों को टाइपिंग टेस्ट देना होगा। इसी तरह स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 के पदों के लिए भी निर्धारित दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी।






