Chhattisgarh NewsExclusive

Korba BJP Councilor Bribe: कोरबा में बोरिंग के लिए पार्षद ने मांगा मुर्गा, शराब और 20 हजार! भाजपा नेत्री का वीडियो वायरल

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भारतीय जनता पार्टी के भीतर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बाकिमोंगरा क्षेत्र के कटाईनार वार्ड क्रमांक 14 से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। एक भाजपा नेत्री ने अपनी ही पार्टी की पार्षद पर विकास कार्य के बदले रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बोरिंग के नाम पर अवैध मांग

समाजसेविका और भाजपा नेत्री डिंकी कौर ने एक वीडियो जारी कर पार्षद रम्भा कंवर पर सीधे तौर पर आरोप लगाए हैं। वीडियो में उन्होंने बताया कि उनके वार्ड में पानी की भारी किल्लत है। लोगों को राहत दिलाने के लिए बोरिंग कराने के कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन काम नहीं किया गया। डिंकी कौर का आरोप है कि पार्षद ने बोरिंग कराने के एवज में शराब, मुर्गा और 20 हजार रुपये की अवैध मांग रखी।

मांग पूरी न होने पर रोका काम

भाजपा नेत्री के मुताबिक, जब पार्षद की इन नाजायज मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो उन्होंने इलाके में बोरिंग का काम रुकवा दिया। नेत्री ने यह भी दावा किया है कि जिस जगह पर पानी और बोरिंग की सबसे अधिक जरूरत थी, वहां काम नहीं कराया गया। इसके बजाय किसी दूसरी जगह बोरिंग कराकर सरकारी संसाधनों का खुलेआम दुरुपयोग किया गया है।

निष्पक्ष जांच की उठी मांग

डिंकी कौर ने इस पूरे घटनाक्रम को जनता के साथ धोखा बताया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी दलों को भी बैठे बिठाए एक मुद्दा मिल गया है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जिला प्रशासन और भाजपा संगठन इस मामले में आरोपी पार्षद पर क्या कार्रवाई करता है।

Related Articles

Back to top button