वीडी सतीशन बने केरल के नए मुख्यमंत्री, हाईकमान के दखल से कांग्रेस ने साधा पावर बैलेंस

Kerala New Govt Power Balance:तिरुवनंतपुरम। केरल में नई सरकार का रास्ता साफ हो गया है और कांग्रेस नेता वीडी सतीशन (VD Satheesan) ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। 4 मई को नतीजे आने के बाद करीब 10 दिनों की लंबी खींचतान और मंथन के बाद पार्टी हाईकमान ने उनके नाम पर मुहर लगाई। हालांकि, यह नई सरकार केवल एक नेता के इर्द-गिर्द नहीं घूमेगी, बल्कि कांग्रेस ने पार्टी के दिग्गजों और सहयोगियों के बीच एक जटिल ‘पावर बैलेंस’ स्थापित किया है।
चेन्निथला और वेणुगोपाल को मिला बड़ा महत्व
सीएम पद की रेस में वीडी सतीशन के साथ रमेश चेन्निथला (Ramesh Chennithala) और राहुल गांधी के करीबी केसी वेणुगोपाल (KC Venugopal) भी शामिल थे। इन दोनों नेताओं को संतुष्ट करने के लिए पार्टी ने बड़ा कदम उठाया है:
- रमेश चेन्निथला की बढ़ी ताकत: चेन्निथला को नई सरकार में ‘गृह मंत्रालय’ (Home Ministry) और ‘विजिलेंस’ की अहम जिम्मेदारी दी गई है। आमतौर पर ये विभाग मुख्यमंत्री अपने पास रखते हैं, ऐसे में चेन्निथला का कैबिनेट में कद बेहद मजबूत रहेगा और वह एक ‘पावर सेंटर’ के रूप में काम करेंगे।
- वेणुगोपाल के समर्थकों को जगह: केसी वेणुगोपाल भले ही सीधे तौर पर सरकार से बाहर हैं, लेकिन कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक उनके करीब 11 समर्थकों को मंत्री बनाया गया है, जिससे सरकार में उनका प्रभाव कायम रहेगा।
सहयोगी दलों की अहमियत और ‘साढ़े तीन सीएम’ की चर्चा
सरकार गठन में कांग्रेस ने अपनी सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) को भी बड़ा हिस्सा दिया है।
- 22 विधायकों वाली मुस्लिम लीग के 5 विधायकों को केरल सरकार में मंत्री बनाया गया है।
- कुल मिलाकर 9 मंत्रालय कांग्रेस ने अपने सहयोगी दलों को सौंपे हैं। इस जटिल पावर शेयरिंग को देखते हुए सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज है कि केरल में एक नहीं बल्कि ‘साढ़े तीन मुख्यमंत्री’ होंगे— जिनमें सतीशन, चेन्निथला और वेणुगोपाल के साथ आधा हिस्सा मुस्लिम लीग का माना जा रहा है।
भाजपा ने साधा तीखा निशाना
इस पूरे सियासी घटनाक्रम पर विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखा हमला बोला है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस ने मजबूरी में ऐसा मुख्यमंत्री चुना है, जो पूरी तरह से मुस्लिम लीग की पसंद का है। उनका दावा है कि केरल में सीएम के चेहरे पर मुस्लिम लीग की छाप साफ दिखाई देती है, जो कांग्रेस पर उनकी मजबूत पकड़ को दर्शाता है।



