IPL 2026 Playoff Race: पंजाब टॉप-4 में पहुंचा, राजस्थान के पास सीधा मौका; जानें प्लेऑफ का पूरा गणित

IPL 2026 Playoff Race:स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के लीग स्टेज में सिर्फ 2 मैच बाकी हैं, लेकिन अभी तक प्लेऑफ की चौथी टीम तय नहीं हो पाई है। शनिवार को हुए एक अहम मुकाबले में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 7 विकेट से हराकर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदें कायम रखी हैं। इस मैच में श्रेयस अय्यर के शानदार पहले IPL शतक की बदौलत पंजाब ने 196 रनों का टारगेट आसानी से हासिल कर लिया। टीम 14 मैचों में 15 पॉइंट्स के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।
दिल्ली कैपिटल्स बाहर होने वाली चौथी टीम बनी
पंजाब की इस जीत ने पॉइंट्स टेबल के समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं। 12 पॉइंट्स के साथ दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ से बाहर होने वाली चौथी टीम बन गई है। बता दें कि दिल्ली से पहले लखनऊ, चेन्नई और मुंबई की टीमें प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी हैं।
राजस्थान के पास सीधा मौका, KKR की उम्मीदें भी जिंदा
रविवार को राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) का आखिरी लीग मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ है। राजस्थान फिलहाल 14 पॉइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गई है।
- राजस्थान का समीकरण: अगर राजस्थान यह मैच जीतती है, तो वह सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। हार की स्थिति में टीम बाहर हो जाएगी।
- KKR का समीकरण: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) 13 पॉइंट्स के साथ छठे स्थान पर है। टीम को दिल्ली के खिलाफ एक बहुत बड़ी जीत (जैसे 200 रन बनाने पर 77 रन से जीत) दर्ज करनी होगी और साथ ही राजस्थान की हार की भी दुआ करनी होगी।
- अगर KKR ऐसा नहीं कर पाती और राजस्थान अपना मैच हार जाती है, तो पंजाब प्लेऑफ में पहुंच जाएगी।
बेंगलुरु और गुजरात खेलेंगे क्वालिफायर-1
पॉइंट्स टेबल के टॉप पर स्थिति साफ हो चुकी है। बेंगलुरु और गुजरात दोनों टीमों के 18-18 पॉइंट्स हैं। बेहतर नेट रनरेट के आधार पर बेंगलुरु पहले और गुजरात दूसरे स्थान पर है। दोनों टीमें 26 मई को ‘क्वालिफायर-1’ में आमने-सामने होंगी। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद ने भी 18 पॉइंट्स के साथ लीग स्टेज तीसरे स्थान पर खत्म किया है और वह एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी।
ऑरेंज और पर्पल कैप की स्थिति
पर्पल कैप (Purple Cap): बेंगलुरु के भुवनेश्वर कुमार 24 विकेट के साथ पहले स्थान पर हैं। गुजरात के कागिसो रबाडा भी 24 विकेट के साथ दूसरे और चेन्नई के अंशुल कम्बोज 21 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं।
ऑरेंज कैप (Orange Cap): गुजरात के साई सुदर्शन 638 रनों के साथ टॉप पर बने हुए हैं। दूसरे स्थान पर गुजरात के ही शुभमन गिल (616 रन) और तीसरे पायदान पर हैदराबाद के हेनरिक क्लासन (606 रन) हैं।



