India A vs Sri Lanka A: दांबुला में सुपर ओवर पर मचा बवाल, खराब रोशनी में पेसर्स को बॉलिंग की छूट पर उठे बड़े सवाल; जानें पूरा विवाद

दांबुला: सोमवार, 15 जून 2026 को दांबुला में इंडिया ए और श्रीलंका ए (India A vs Sri Lanka A) के बीच खेला गया ट्राई नेशन वनडे सीरीज का मुकाबला क्रिकेट से ज्यादा विवादों के लिए चर्चा में आ गया है। भारतीय खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ी के साथ हुई बहस तो महज एक हिस्सा थी, असल बवाल तो मैच के ‘सुपर ओवर’ (Super Over) और अंपायरों के फैसलों को लेकर हुआ।
खराब रोशनी में क्यों हुआ सुपर ओवर?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैच के दौरान एक समय ऐसा था जब सुपर ओवर होना ही नहीं चाहिए था क्योंकि मैदान पर पर्याप्त रोशनी (Sun Light) नहीं थी।
- लंबी बातचीत: मैच टाई होने के बाद अंपायर सुपर ओवर नहीं कराना चाहते थे। लेकिन भारतीय कप्तान तिलक वर्मा और श्रीलंकाई कप्तान के बीच आपसी सहमति से फैसला लिया गया कि सुपर ओवर इन्हीं परिस्थितियों में खेला जाएगा।
- अंपायरों की चेतावनी: अंपायरों ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि अगर परिस्थितियां खराब हुईं तो मैच रोक दिया जाएगा। लंबी बातचीत के दौरान मैदान पर विजिबिलिटी (Visibility) और ज्यादा खराब हो गई।
तेज गेंदबाजों को कैसे मिली गेंदबाजी की इजाजत?
क्रिकेट के नियमों के अनुसार, जब मैदान पर रोशनी कम होती है, तो खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल स्पिनरों को गेंदबाजी करने की इजाजत दी जाती है। लेकिन इस मैच में अंपायरों ने तेज गेंदबाजों (Pacers) को सुपर ओवर में गेंदबाजी करने की अनुमति दे दी, जिससे सबसे बड़ा विवाद खड़ा हो गया।
- नो-बॉल का विवाद: विवाद तब और गहरा गया जब श्रीलंका ए की सुपर ओवर इनिंग्स की आखिरी गेंद पर थर्ड अंपायर ने ‘हाइट की नो बॉल’ दे दी। जबकि मैदानी अंपायर ने इसे नो बॉल नहीं दिया था। इस फैसले से भारतीय खेमे में कड़ा विरोध हुआ, जिससे मैच में और देरी हुई और रोशनी लगभग खत्म हो गई।
“यार, बॉल दिख ही नहीं रही है”
जब सुपर ओवर में भारत की तरफ से वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे 17 रनों का लक्ष्य चेज करने मैदान पर उतरे, तब तक विजिबिलिटी एक बहुत बड़ी चिंता बन चुकी थी।
- हैरानी की बात यह रही कि श्रीलंका की ओर से भी तेज गेंदबाज को ही गेंदबाजी थमाई गई।
- ‘स्पोर्टस्टार’ की रिपोर्ट के अनुसार, रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में बैठे दर्शकों को भी गेंद देखने में भारी परेशानी हो रही थी।
- स्थिति इतनी खराब थी कि मैदान पर मौजूद एक भारतीय खिलाड़ी को अपने साथियों से यह कहते हुए साफ सुना गया- “यार, बॉल दिख ही नहीं रही है।”
मैच में इससे पहले भी हुए थे कई विवाद
सुपर ओवर से पहले मुख्य मुकाबले के दौरान भी कई विवादास्पद चीजें देखने को मिली थीं:
- 10 रन की पेनल्टी: भारतीय खिलाड़ी विपराज निगम को दो बार पिच के डेंजर जोन में दौड़ते हुए पाया गया, जिसके चलते अंपायरों ने भारत पर 10 रन की पेनल्टी लगा दी थी।
- आखिरी गेंद का विवाद: आखिरी गेंद पर बल्ले से कोई शॉट ऑफर न होने के बावजूद खिलाड़ियों ने रन दौड़ लिया। भारत ने इस पर आपत्ति जताई, लेकिन अंपायरों ने इसे नजरअंदाज कर दिया। हालांकि बाद में रीप्ले में रन जायज पाया गया था।






