Chhattisgarh NewsSports

Mainpat Titans Champion: आखिरी 10 सेकंड के गोल से मैनपाट टाइटन्स बनी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की पहली चैंपियन, 11 लाख का इनाम

CG News (रायपुर): Mainpat Titans Champion बनकर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के इतिहास में पहला नाम दर्ज कर गई है। राज्य स्थापना दिवस की रात रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में मैनपाट टाइटन्स ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराकर लीग के पहले संस्करण का खिताब अपने नाम किया। फाइनल में केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विजेता टीम को ट्रॉफी सौंपी।

2-2 की बराबरी के बाद आखिरी पलों में पलटी बाजी

फाइनल मुकाबला शुरुआत से ही कांटे का रहा। एक समय दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर थीं और मैच किसी भी तरफ जा सकता था। आखिरी समय में मैनपाट टाइटन्स ने बेहतर तालमेल दिखाया और लगातार 2 गोल दाग दिए। मैच खत्म होने से सिर्फ 10 सेकंड पहले मोहित ने चौथा गोल कर टीम की जीत पक्की कर दी। हार के बावजूद संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के अभिषेक को स्ट्राइकर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

21 लाख की इनामी राशि बंटी

लीग में कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि बांटी गई। चैंपियन मैनपाट टाइटन्स को 11 लाख रुपये और उपविजेता संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 6 लाख रुपये मिले। व्यक्तिगत पुरस्कारों में शाहरुख अली को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। 13 गोल के साथ आशीष तानी पूर्ति लीग के टॉप स्कोरर रहे। हिमांशु को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और मोहित नायक को सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी का पुरस्कार मिला।

Mainpat Titans Champion बनने तक का सफर

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की इस लीग में प्रदेश के अलग-अलग इलाकों की 6 फ्रेंचाइजी टीमों ने हिस्सा लिया। लीग चरण के बाद न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स 11-11 अंकों के साथ टॉप 2 पर रहीं, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स 10 अंकों के साथ आगे बढ़ी। सेमीफाइनल में स्ट्राइकर्स ने अजेय रही न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से और मैनपाट टाइटन्स ने बैलाडीला बुल्स को 3-1 से हराया था।

मांडविया बोले, खेल में कोई हारता नहीं

समापन समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री मांडविया ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि खेल के मैदान में कोई हारता नहीं है, या तो जीतता है या फिर सीखता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ की इस पहल से दूसरे राज्य भी हॉकी लीग कराने की प्रेरणा लेंगे और यह संदेश छत्तीसगढ़ से पूरे देश में जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने इसे राज्य के लिए उत्सव का दिन बताया और खेल विभाग की सराहना की। समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, उपमुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव, गृह मंत्री विजय शर्मा और तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब भी मौजूद रहे।

खेल योजनाओं की जानकारी खेलो इंडिया की वेबसाइट पर मिलती है। खेल की और खबरें और छत्तीसगढ़ की खबरें जनदखल पर पढ़ें।

Related Articles

Back to top button