IPL 2026 News: दिल्ली कैपिटल्स ने 225 रन के लक्ष्य को किया बौना, केएल राहुल और निसांका के तूफान में उड़ी राजस्थान रॉयल्स

DC vs RR IPL Match:आईपीएल में बीती रात रनों की जोरदार बारिश देखने को मिली। राजस्थान रॉयल्स ने जब पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया होगा, तब उन्हें भी नहीं लगा होगा कि उनकी टीम हार जाएगी। लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजों ने इस नामुमकिन से लगने वाले लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल कर लिया और 7 विकेट से एक शानदार जीत दर्ज की।
केएल राहुल और पाथुम निसांका ने दिलाई तूफानी शुरुआत
दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह जीत उनके सलामी बल्लेबाजों के नाम रही। प्लेयर ऑफ द मैच रहे केएल राहुल ने 75 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें छह चौके और पांच छक्के शामिल थे। उनका बाखूबी साथ निभाया पाथुम निसांका ने, जिन्होंने 33 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 62 रन ठोके।
दोनों के बीच पहले विकेट के लिए महज 57 गेंदों में 110 रनों की विस्फोटक साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह से दिल्ली की तरफ मोड़ दिया।
मिडिल ऑर्डर ने किया काम तमाम
शानदार शुरुआत के बाद दिल्ली के मध्यक्रम ने भी राजस्थान के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। नीतिश राणा ने 17 गेंदों में 33 रनों की अहम पारी खेली। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स ने 11 गेंदों में नाबाद 18 रन और आशुतोष शर्मा ने 15 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाकर टीम को पांच गेंद शेष रहते 226 रनों तक पहुंचा दिया। दिल्ली ने 19.1 ओवर में ही यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
कप्तान रियान पराग ने बताई हार की वजह
इस करारी हार के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग काफी निराश नजर आए। उन्होंने बताया कि उनकी टीम से कहां गलती हुई, जिसके कारण उन्हें 10 मैचों में अपनी चौथी हार झेलनी पड़ी। पराग ने साफ कहा कि बीच के ओवरों में उनके गेंदबाजों ने बहुत ज्यादा रन लुटाए और लगभग हर ओवर में बाउंड्री दी, जो अंत में हार का सबसे बड़ा कारण बना।
पॉइंट्स टेबल में दिल्ली ने लगाई छलांग
लगातार तीन हार का सामना कर रही दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह जीत संजीवनी की तरह आई है। इस जीत से मिले दो अंकों के साथ दिल्ली कैपिटल्स अब 8 अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स 12 अंकों के साथ अभी भी चौथे स्थान पर बरकरार है।



