Chhattisgarh News

इबोला वायरस को लेकर छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग तेज, आइसोलेशन वार्ड तैयार

Ebola Virus Alert in Chhattisgarh:रायपुर। अफ्रीकी देशों कांगो (Congo) और युगांडा (Uganda) में इबोला वायरस (Ebola Virus) के मामलों में अचानक हुई वृद्धि के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर दिया है। इसके मद्देनजर छत्तीसगढ़ सरकार और स्वास्थ्य विभाग (Health Department) पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गए हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल (Shyam Bihari Jaiswal) ने संभावित खतरे से निपटने के लिए स्वास्थ्य महकमे को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

रायपुर एयरपोर्ट पर विशेष निगरानी सिस्टम लागू

इबोला के किसी भी संदिग्ध मामले को राज्य में प्रवेश करने से रोकने के लिए एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के तहत खास व्यवस्था की गई है:

  • नोडल अधिकारी की तैनाती: रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर एक विशेष नोडल अधिकारी तैनात करने का निर्देश दिया गया है।
  • कड़ी स्क्रीनिंग: यह अधिकारी विदेश से या प्रभावित क्षेत्रों से आने वाले सभी यात्रियों की गहन स्वास्थ्य जांच और थर्मल स्क्रीनिंग की निगरानी करेगा। किसी भी संदिग्ध को तुरंत चिन्हित किया जाएगा।

अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड और मेडिकल तैयारी

प्रदेश के सभी प्रमुख अस्पतालों को किसी भी आपात स्थिति के लिए चौबीस घंटे तैयार रहने को कहा गया है।

  • आइसोलेशन वार्ड: रायपुर जिला अस्पताल सहित अन्य सरकारी अस्पतालों में कोरोना काल की तर्ज पर चार-चार बेड वाले विशेष आइसोलेशन वार्ड (Isolation Ward) को पूरी तरह से सैनिटाइज कर तैयार कर लिया गया है।
  • 21 दिन का क्वारंटाइन: स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के मुताबिक, इबोला के लक्षण पाए जाने वाले किसी भी संदेहास्पद मरीज के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे और उसे 21 दिनों तक सख्त निगरानी (Quarantine) में रखा जाएगा।

क्या हैं इबोला के लक्षण और बचाव?

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, इबोला वायरस हवा से नहीं फैलता, बल्कि यह संक्रमित व्यक्ति के शारीरिक तरल पदार्थों (रक्त, लार, पसीना) के सीधे संपर्क में आने से फैलता है।

गंभीर स्थिति: बीमारी बढ़ने पर शरीर के अंदर और बाहर (नाक, कान, मसूड़ों आदि) से रक्तस्राव (Bleeding) होने लगता है। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

प्रमुख लक्षण: संक्रमण के शुरुआती चरण में अचानक तेज बुखार (High-grade fever), गंभीर सिरदर्द, शरीर और जोड़ों में दर्द, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी-दस्त और गले में खराश होती है।

Related Articles

Back to top button