Chhattisgarh News

Rajnandgaon SP Ankita Sharma: शस्त्र पूजा में AK-47 से हवाई फायरिंग करना SP अंकिता शर्मा को पड़ा भारी, पुलिस मुख्यालय ने थमाया नोटिस

Rajnandgaon SP Ankita Sharma:राजनांदगांव जिले की पुलिस अधीक्षक (SP) और ‘लेडी सिंघम’ के नाम से मशहूर आईपीएस अंकिता शर्मा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विजयादशमी के अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजा के दौरान एके-47 (AK-47) राइफल से हवाई फायरिंग करने के मामले में पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने उन्हें नोटिस जारी किया है। राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने इस नोटिस की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्यालय के आदेश पर मामले की जांच और स्पष्टीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

साड़ी पहनकर दागी थीं 9 गोलियां दशहरा के दिन राजनांदगांव पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान साड़ी में नजर आईं एसपी अंकिता शर्मा ने एके-47 राइफल से आसमान में लगातार 9 राउंड फायर किए थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था, जिसके बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पीएचक्यू के नोटिस पर एसपी क्या जवाब पेश करती हैं।

कौन हैं ‘लेडी सिंघम’ अंकिता शर्मा? दुर्ग जिले की रहने वाली अंकिता शर्मा ने सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर यूपीएससी (UPSC) के तीसरे प्रयास में 203वीं रैंक हासिल की थी। छत्तीसगढ़ कैडर की यह तेजतर्रार अधिकारी भाटापारा, रायपुर और खैरागढ़ के अलावा नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। नक्सलियों के खिलाफ अभियानों में अपने सख्त रवैये और निडर कार्यशैली के कारण ही उन्हें प्रदेश में ‘लेडी सिंघम’ की पहचान मिली है।

Related Articles

Back to top button